बीजेपी ने शुरू की मंडल, पंचायत स्तर तक अन्त्योदय समितियों के गठन की कवायद

भोपाल
प्रदेश भाजपा ने सभी 1070 मंडलों और 22 हजार पंचायतों में अन्त्योदय समितियों के गठन की कवायद शुरू कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने विन्ध्य व बुंदेलखंड के जिलों में पिछले दिनों किए गए दौरे के बाद इसको लेकर जिला अध्यक्षों और पार्टी के पदाधिकारियों को जल्द इस पर काम करने के लिए कहा है। इसके बाद सवा साल से पेंडिंग इन समितियों के गठन का काम तेज होने की संभावना बढ़ी है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने शनिवार को छतरपुर दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चर्चा के दौरान कहा है कि मंडल और पंचायत स्तर तक अन्त्योदय समितियों के गठन का काम किया जाए। इसके पहले वे पन्ना और सतना में हुई बैठकों में भी इसके निर्देश दे चुके हैं।

शर्मा के निर्णय के बाद अब जिलों में इन समितियों के गठन की कवायद तेज हुई है और जिला और मंडल अध्यक्षों द्वारा समितियों में शामिल किए जाने वाले सदस्यों की सूची तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि कोरोना काल में नई सरकार के गठन के बाद प्रदेश अध्यक्ष शर्मा की मौजूदगी में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पिछले साल कहा था कि सरकार के काम काज की निगरानी के लिए दीनदयाल अन्त्योदय समितियों का गठन किया जाएगा। ये राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की मानीटरिंग करेंगे और संगठन व सरकार की जानकारी देंगे। कोरोना संक्रमण बढ़ने और पार्टी की नवीन कार्यकारिणी और अन्य गतिविधियों के चलते यह काम अब तक टलता रहा है और अब प्रदेश अध्यक्ष ने इसको लेकर अध्यक्षों को काम शुरू करने के लिए कहा है। साथ ही उन्होंने छतरपुर में यह भी कहा है कि ब्लाक स्तर पर स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की नियुक्ति का काम हो चुका है और मंडल व पंचायत स्तर पर इन नियुक्तियों को जल्द पूरा करना है जिसमें एक पुरुष, एक महिला और एक डॉक्टर की टीम होगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मध्यप्रदेश में महिलाओं की विंग को और मजबूती देने के लिए महिला मोर्चा को सक्रियता बढ़ाने के लिए कहा है। दिल्ली में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा है कि महिला मोर्चा अगले तीन माह तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पाने वाली महिलाओं से सतत संपर्क करे। खासतौर पर जनधन खाते खुलवा चुकी महिलाओं से उनके अनुभव शेयर करें और जिनके खाते नहीं खुल सके हैं व पात्रता की श्रेणी में आती है, ऐसी महिलाओं के खाते खुलवाकर उन्हें इस योजना का लाभ दिलाएं। दिल्ली में हुई बैठक में महिला मोर्चा को यह भी कहा गया है कि मोर्चा अध्यक्ष जिला, मंडल और फिर बूथ स्तर तक प्रवास करें और महिलाओं को पार्टी में सक्रिय भागीदार बनाएं।

महिला मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मध्यप्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष माया नारोलिया भी शामिल हुईं। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने यह भी कहा है कि कोरोना काल में जिन लोगों ने अपनी जान की बाजी लगाकर लोगों की सुरक्षा देने का काम किया है, ऐसे पुलिस कर्मियों, मीडिया कर्मियों, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य कोरोना योद्धाओं का सम्मान और उन्हें रक्षा सूत्र बांधने का काम करना है। सम्मान के जरिये पार्टी उनको प्रेरित करने का काम करेगी। इसके साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी जिला व मंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करके देने को कहा गया है। मध्यप्रदेश महिला मोर्चा जल्द ही जिला कार्यकारिणी और फिर मंडल कार्यकारिणी की घोषणा भी करेगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत पार्टी के कुछ राष्ट्रीय पदाधिकारी आज भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के ई प्रशिक्षण में वर्चुअली शामिल हुए। इसमें पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के त्याग और बलिदान को लेकर चर्चा की गई। अभिजीत मुखर्जी ने श्यामा प्रसाद के जीवन चित्र के बारे में जानकारी दी। अब बुधवार को होने वाली प्रादेशिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी द्वारा विधायकों, सांसदों, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ इस पर चर्चा की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here