तेज रफ्तार कार ने 10 से 12 लोगों को मारी टक्कर, बाइक, ऑटो से लोग करते रहे पीछा

 

इंदौर में BJP की नेता फिरदौस पटेल के बेटे फैजान ने मंगलवार आधी रात आजाद नगर में जमकर आतंक मचाया। नशे में वह कार दौड़ाता रहा। इस दौरान उसने कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। इससे कुछ लोग घायल हो गए। पुलिस ने लोगों के साथ उसका पीछा किया तो उसने पुलिसकर्मियों को भी टक्कर मारी। 25 से ज्यादा गाड़ियों से लोग 10 किमी तक फैजान का पीछा करते रहे। इस दौरान वह तेज रफ्तार से कार दौड़ाते हुए लोगों को टक्कर मारता रहा। आखिरकार पुलिस उसे नहीं पकड़ पाई और वह भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग रिपोर्ट लिखवाने आजाद नगर थाने पहुंचे। मौके पर मौजूद लोगों ने फैजान की कार (MP-09 CE-6481) का पीछा किया तो उसने रफ्तार तेज कर दी। साथ ही रास्ता रोक रहे पुलिसकर्मियों को भी टक्कर मारी। लोगों ने बाइक, एक्टिवा, ऑटो सहित 25 से ज्यादा गाड़ियों से उसका पीछा किया। इससे बेपरवाह फैजान कार दौड़ाता रहा और रास्ते में भी उसने कई लोगों को टक्कर मारी। खजराना चौराहे पर उसने एक एक्टिवा सवार को टक्कर मारी और भाग निकला। यह कार आजाद नगर के ही इशाक मो. पटेल के नाम से रजिस्टर्ड है।

SP आशुतोष बागरी ने बताया कि फैजान पटेल ने 6 से ज्यादा लोगों को टक्कर मारी है। उसने बंबई बाजार क्षेत्र में भी ऐसी ही हरकत की। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। CCTV फुटेज निकालकर जानकारी जुटाई जा रही है।

सारी घटना देखने वाले फैय्याज ने बताया कि फैजान गोल चौराहे से गाड़ी दौड़ाते हुए आया और रास्ते में जो भी दिखा उसे टक्कर मारता गया। किसी ने बचने की कोशिश की, उन्हें जान-बूझकर टक्कर मारी। उसे पकड़ने की कोशिश करने वाले 10 से 12 लोगों को उसने टक्कर मारी। इनमें से 4 के पैर में चोट आई है। उसने कई रिक्शा और बाइक को भी नुकसान पहुंचाया है।

फैय्याज के मुताबिक, तेज रफ्तार में कार आती देख मैंने अपने 5 साल के बेटे को दौड़कर बचाया। इस पर कार सवार ने कार रिवर्स लेकर मुझे टक्कर मारने की कोशिश की। यदि मैं सही समय में नहीं दौड़ता तो अपने बेटे को खो देता। आरोपी मदीना नगर में रहता है और नशे का आदी है। उसने पहले भी ऐसी हरकत की है। आजाद नगर में 15 से 20 मिनट आतंक मचाने के बाद इसने बंबई बाजार में भी ऐसी ही हरकत की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here