तालिबान ले रहा है पाक सैनिकों की जान, फिर भी खिदमत में जुटा है पाकिस्तान 

 काबुल 
एक तरफ तालिबान पाकिस्तानी सैनिकों की जान ले रहा है। अफगान सीमा से लगातार उसके ऊपर फायरिंग कर रहा है। रविवार को तालिबान की फायरिंग में दो पाकिस्तानी सिपाहियों की जान चली गई। इससे पहले गुरुवार को भी उसने एक पाकिस्तानी सिपाही को मार डाला था। इन सबके बावजूद पाकिस्तान तालिबान की खिदमत में जुटा हुआ है। एक ऐसे वक्त में जबकि हर कोई तालिबान की परछाई से बचना चाह रहा है पाकिस्तान तालिबान के नियंत्रण वाले इलाके में मेडिकल सप्लाई का ऐलान कर रहा है। अफगानिस्तान में पाकिस्तान के राजदूत मंसूर अहमद खान ने टि्वटर पर बाकायदा इसकी घोषणा की है। 

मानवता की दे रहे दुहाई
मंसूर अहमद खान की घोषणा के मुताबिक वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन की मेडिकल सप्लाई को लेकर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का कार्गो विमान इस्लामाबाद से मजार शरीफ जाएगा। मजार-ए-शरीफ वह शहर है जहां तालिबान ने 14 अगस्त को अपना कब्जा जमा लिया था। मंसूर अहमद खान ने अपनी ट्वीट में लिखा कि अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से यह एक मानवतापूर्ण कदम होगा। अफगानिस्तान में जरूरी चीजों की सप्लाई बेहद अहम है। हालांकि तात्कालिक तौर पर इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी कि यह फ्लाइट अफगानिस्तान में कब लैंड करेगी। 

देश का चौथा सबसे बड़ा शहर है मजार-ए-शरीफ
देश का चौथा सबसे बड़ा मजार-ए-शरीफ बाख प्रांत की राजधानी है। अमेरिका द्वारा अफगानिस्तान से अपनी सेनाएं निकालने के ऐलान के कुछ ही दिन बाद तालिबान ने इस पर कब्जा जमा लिया था। वहीं 15 अगस्त को काबुल पर कब्जे के बाद तालिबान का अफगानिस्तान पर शासन स्थापित हो गया था। इसके बाद अफगान राष्ट्रपति देश छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए थे। इसके बाद से तालिबान लड़ाकों ने पूरे अफगानिस्तान में तबाही मचाई हुई है। हजारों की संख्या में अफगान नागरिक और यहां रहने वाले अन्य विदेशी अफगानिस्तान छोड़कर भागने पर मजबूर हैं। काबुल एयरपोर्ट पर अफरातफरी मची हुई है। अमेरिका द्वारा अफगानिस्तान को खाली करने की तारीख 31 अगस्त है और इसके करीब आने के साथ हालात और ज्यादा खराब होते जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here