रायपुर । कांग्रेस ने कहा कि हमारे पिच पर भाजपा खेलने को मजबूर हो गयी है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों को उनकी फसल की पूरी कीमत देने के लिये 3200 रू. धान की कीमत देने की घोषणा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के लिये चलाये जा रही योजना को मुफ्त की रेवड़ी बताते रहे है आज भाजपा अपने घोषणा पत्र में की जा रही योजनाओं को उन्हीं मोदी की गारंटी की दुहाई दे रही है। जो मोदी अपने उद्योगपति मित्रों का हजारों करोड़ का ऋण माफ कर रहे है उन्हें गरीबों के लिये चलाने वाली योजना मुफ्त की रेवड़ी लगती है। भाजपा के द्वारा अपने घोषणा पत्र को मोदी की गारंटी बताने का मतलब ही यही है कि भाजपा उसको पूरा नहीं करेगी इसकी गारंटी है। जो लोग धान पर बोनस देने का विरोध करते थे, जो लोग भूपेश सरकार के 2500 रू. देने का विरोध कर रहे थे, अब स्वयं धान की कीमत अपने घोषणा पत्र में घोषित करने को मजबूर हो गये है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस जनता के लिये चलाई जा रही योजनाओं को लोकतंत्र में जनता को मजबूत बनाने का तरीका मानती है। कांग्रेस का मानना है कि प्रगति की दौड़ में पिछड़े वर्गों को विशेष रियायत देकर उनको बराबरी में लाकर खड़ा करना, हर लोकतांत्रिक सरकार का कर्तव्य है यही कारण है कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सभी वर्गों को ध्यान में रखा है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में शहरी और ग्रामीण दोनों का ध्यान रखा गया है। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में 200 यूनिट तक फ्री बिजली का लाभ प्रदेश के लगभग 50 लाख परिवारों को मिलेगा। मतलब प्रदेश की आधी से अधिक आबादी की बिजली मुफ्त हो जायेगी। अभी तक गरीबी रेखा के नीचे के लोगों को 5 लाख तक मुफ्त इलाज मिलता था तथा अन्य वर्ग के 50 हजार तक इलाज की सुविधा थी। कांग्रेस की सरकार बनने पर गरीबी रेखा के नीचे वालों को 10 लाख तक तथा अन्य सभी वर्ग के लोगों को 5 लाख तक इलाज की मुफ्त सुविधा दी जायेगी। बड़ी बीमारियों में कांग्रेस की सरकार बनने पर 25 लाख तक इलाज बिना किसी भेदभाव के सभी को मिलेगा।