अंकुर अभियान : कलेक्टर के निर्देशन में कठोंदा में किया गया व्यापक रूप से वृक्षारोपण

 जबलपुर
पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रदेश शासन के निर्देश पर जबलपुर में भी अंकुर अभियान चलाया जा रहा है। अंकुर अभियान को सफल बनाते हुए कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी एवं निगमायुक्त आशीष वशिष्ठ ने  कठोंदा में व्यापक रूप से वृक्षारोपण किया। अधिकारियों ने पौधारोपण करते हुए पर्यावरण की रक्षा एवं स्वच्छता का संकल्प लिया। इस अवसर पर कठोंदा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में 1500 से भी अधिक फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण करते हुए आम जनमानस से भी अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण किए जाने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा 1 मार्च से 5 मार्च तक अंकुर अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण की रक्षा करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी को वृक्षारोपण के लाभ समझाना है। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ इलैयाराजा ने बताया कि प्रदेश शासन के निर्देश पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण का अभियान चलाया जा रहा है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पौधे रोपे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अंकुर अभियान को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित कर अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

निगमायुक्त आशीष वशिष्ठ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। अंकुर अभियान एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के अंतर्गत बड़े पैमाने पर पौधे रोपे जा रहे हैं,जिसका लाभ आने वाली पीढ़ी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के अंतर्गत भी वृक्षारोपण का अभियान निरंतर चलाया जाएगा एवं इसमें सभी वर्गों की भागीदारी प्राप्त कर शहर को साफ सुंदर एवं हरा भरा बनाने की पहल की जा रही है। वृक्षारोपण अभियान में नगर निगम, जिला प्रशासन, जिला पंचायत, उद्यानिकी विभाग एवं अन्य विभागों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विभिन्न विभागों के माध्यम से भी पौधे रोपे जाने की कार्य योजना बनाई गई है। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों व लोगों ने 1500 से भी ज्यादा पौधों का रोपण कराकर उनकी देखभाल एवं रखरखाव की जिम्मेदारी भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सौंपी है। वृक्षारोपण अभियान में अपर कलेक्टर शेर सिंह मीणा, अपर आयुक्त महेश कुमार कोरी, कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक यंत्री संजय सिंह एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here