WC 2023 INDvsNZ: भारत को न्यूज़ीलैंड से जीत के लिए 274 रनों का लक्ष्य, ओपनर्स और मीडिल ऑर्डर पर टिका मैच

क्रिकेट ।। विश्व कप 2023 के मुकाबले में भारत का सामना न्यूजीलैंड से है। यह इस संस्करण का 21वां मुकाबला है। यह मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 273 रन बनाए हैं।

बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 273 रन बनाए हैं। भारत को यह मैच जीतने के लिए 274 रन की जरूरत है। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 130 रन डेरिल मिचेल ने बनाए। रचिन रवींद्र ने 75 और ग्लेन फिलिप्स ने 23 रन का योगदान दिया। इन तीनों के अलावा सिर्फ विल यंग (17 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने पांच और कुलदीप यादव ने दो विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला।

बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। डेवोन कॉन्वे खाता खोले बिना ही सिराज का शिकार बने। विल यंग भी 17 रन बनाकर शमी की गेंद पर बोल्ड हो गए। 19 रन पर दो विकेट गिरने के बाद रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल ने न्यूजीलैंड की पारी को संभाला। पावरप्ले खत्म होने के बाद कीवी टीम का स्कोर 34/2 था। 13 ओवर में न्यूजीलैंड का स्कोर 50 के पार और 21 ओवर में 100 के पार पहुंचा। रवींद्र ने 56 गेंद और मिचेल ने 60 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। ये दोनों मिलकर न्यूजीलैंड का स्कोर 150 रन के पार ले गए। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी हुई। 178 रन पर न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट गिरा। रवींद्र 75 रन बनाकर शमी का दूसरा शिकार बने। मिचेल ने लाथम के साथ मिलकर न्यूजीलैंड का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। हालांकि, लाथम पांच रन बनाकर कुलदीप की गेंद पर आउट हो गए, लेकिन मिचले जमे रहे। उन्होंने 100 गेंद में अपना शतक पूरा किया। दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे। कुलदीप ने फिलिप्स को 23 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा। चैपमैन भी आठ रन बनाकर बुमराह का शिकार बने। शमी ने न्यूजीलैंड की पारी के 48वें ओवर में सैंटनर और मैट हेनरी को बोल्ड किया। पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने मिचेल को 130 रन के स्कोर पर आउट कर मैच में पांचवां विकेट हासिल किया। अंत में कीवी टीम 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 273 रन बना पाई। भारत के लिए शमी के पांच विकेट के अलावा कुलदीप ने दो और बुमराह-सिराज ने एक-एक विकेट लिया।