कांकेर | Sohan Potai Passed Away : छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की कांकेर सीट से लोकसभा सांसद रह चुके आदिवासी नेता सोहन पोटाई (Sohan Potai) का निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जंग लड़ रहे थे। उनके निधन से आदिवासी समाज और प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर पैदा हो गई है। सोहन पोटाई ने भाजपा के टिकट पर कांकेर लोकसभा (Lok Sabha) सीट का चार बार प्रतिनिधित्व किया था।
सोहन पोटाई का जन्म 20 अप्रैल 1958 को कांकेर के सुदूर गांव में हुआ था। वे भारत की 14वीं लोकसभा के सदस्य थे । वह छत्तीसगढ़ के कांकेर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और भारतीय जनता पार्टी (BJP) राजनीतिक दल के सदस्य रहे हैं। पहली बार 1998 में कांग्रेस के दिग्गज नेता महेंद्र कर्मा को हराकर वे चर्चा में आए थे, लेकिन केंद्र में सरकार गिरने से मात्र एक साल तक ही सासंद रहे। उन्होंने 1999 में अरविंद नेताम और 2004 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही गंगा पोटाई ठाकुर को पराजित कर तिकड़ी बनाई। इसके बाद वर्ष 2009 में उन्होंने कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम को पराजित कर लगातार चौथी जीत का रिकॉर्ड बनाया।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व सांसद पोटाई ने गुरुवार सुबह माहुरबंधपारा स्थित अपने पैतृक निवास में अंतिम सांस ली है। पोटाई आदिवासी हित के लिए सदैव संघर्ष करते रहे। उन्होंने इसी वजह से अपनी मूल पार्टी भाजपा से इस्तीफ़ा दे दिया था। हालांकि आपातकाल के दौरान सोहन पोटाई सहायक पोस्ट मास्टर की नौकरी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पोटाई को किसी समय संघ का काफी करीबी माना जाता था। हालांकि फिर उनकी दूरी बढ़ती गई और बाद में भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।