MP Election 2023 : भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 94 नामों मुहर, शनिवार को आएगी 5वीं सूची

भाजपा
MP Election 2023 : भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 94 नामों मुहर, शनिवार को आएगी 5वीं सूची

भोपाल | मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी सूची के अगले दिन भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने भी 94 सीटों पर नाम तय कर दिए हैं। अब भाजपा की यह पांचवीं सूची शनिवार को जारी होगी। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शुक्रवार को मध्य प्रदेश के बचे सभी 94 प्रत्याशियों के नामों पर मंथन हुआ। बैठक में सभी सीटों के उम्मीदवारों पर मुहर लगा दी गई। यह सूची शनिवार को जारी की जा सकती है। इसमें एक साथ ही सभी 94 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होने की संभावना है।

पांच मंत्रियों व दो दर्जन विधायकों के कट सकते टिकट
पांचवीं व संभवत: अंतिम सूची में चार से पांच मंत्रियों और करीब दो दर्जन विधायकों के टिकट काटने की चर्चा है। इसको लेकर भाजपा ने पहले ही डैमेज कंट्रोल करने की प्लानिंग तय कर रखी है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मध्य प्रदेश से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

शिवराज व वीडी भोपाल लौटे
बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भोपाल रवाना हो गए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सभी बाकी सीटों पर शनिवार को नाम जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पिछली कुछ सीटों पर क्षेत्रीय और जातिगत समीकरणों को लेकर भी दोबारा विचार किया गया।

17 अगस्त को आई थी पहली सूची
भाजपा ने 17 अगस्त को पहली सूची जारी की थी। इसमें 39 उम्मीदवारों के नाम थे। इसके बाद दूसरी सूची में सिंगल नाम और तीसरी सूची में तीन केंद्रीय मंत्री समेत सात सांसदों को टिकट देकर चौंका दिया था। 39 प्रत्याशियों की इस सूची में तीन विधायकों के भी टिकट काटे गए थे। वहीं, चौथी सूची में भाजपा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत 25 मंत्रियों को टिकट दिए। 57 प्रत्याशियों की इस सूची में सभी वर्तमान विधायकों पर पार्टी ने भरोसा जताया। अब बची 94 सीटों में 9 मंत्री समेत 67 विधायक और 27 हारी सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का एलान होना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here