मैथ्यूज़, सिवर-ब्रंट के ऑलराउंड प्रदर्शन से मुंबई विजयी

Mumbai
Mathews, Sciver-Brunt all-round performance Mumbai win

मुंबई, खेल (वार्ता) मुंबई इंडियन्स ने हेली मैथ्यूज़ (तीन विकेट, 77 रन) और नैटली सिवर-ब्रंट (एक विकेट, 55 रन) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पर नौ विकेट की विशाल जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर 18.4 ओवर में 155 रन पर ऑलआउट हो गयी। मुंबई ने 156 रन के लक्ष्य को 14.2 ओवर में सिर्फ एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

बैंगलोर के कई बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन कोई भी इसे बड़ी पारी में नहीं बदल सका। विकेटकीपर ऋचा घोष ने 26 गेंद पर तीन चौकों और एक छक्के के साथ बैंगलोर के लिये सर्वाधिक 28 रन बनाये।
गेंद से तीन विकेट चटकाने वाले मैथ्यूज़ ने मुंबई के लिये पारी की शुरुआत की और नाबाद अर्द्धशतक जड़कर टीम को जीत दिलाई। मैथ्यूज़ ने अपनी विस्फोटक पारी में 38 गेंद खेलकर 13 चौकों और एक छक्के के साथ नाबाद 77 रन बनाये।

एक विकेट लेने वाली सिवर ब्रंट ने मैथ्यूज़ का साथ देते हुए 29 गेंद पर नौ चौकों और एक छक्के की बदौलत 55 रन की नाबाद अर्द्धशतकीय पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिये सिर्फ 56 गेंद में 114 रन की अविजित साझेदारी के साथ लक्ष्य को बौना साबित किया और मुंबई को आसान जीत दिला दी।
मुंबई दो मैचों में दो जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर कायम है, जबकि बैंगलोर को अब भी अपनी पहली जीत का इंतजार है।

बैंगलोर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए तेज शुरुआत की मगर साइका इशाक ने सलामी बल्लेबाज सोफी डिवाइन को आउट करके विकेटों की झड़ी लगा दी। डिवाइन ने 11 गेंद पर दो चौकों और एक छक्के के साथ 16 रन बनाये। साइका ने एक गेंद बाद दिशा कसाट का शिकार किया जबकि स्मृति मंधाना (17 गेंद, पांच चौके, 23 रन) और हीथर नाइट अगले ओवर में हेली मैथ्यूज़ का शिकार हो गयीं।

चार रन के अंतराल में चार विकेट गिरने के बाद ऋचा ने पारी को संभाला। उन्होंने एलिसे पेरी (सात गेंद, 13 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिये 28 रन जोड़े। पेरी एक चौका और एक छक्का लगाकर अपने रंग में आ रही थीं लेकिन रनआउट होकर पवेलियन लौट गयीं।

ऋचा के अलावा श्रेयांका पटेल ने भी बैंगलोर को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
श्रेयंका जब बल्लेबाजी करने आयीं तब बैंगलोर 110 रन पर कनिका आहूजा (13 गेंद, तीन छक्के, एक चौका, 22 रन) के रूप में अपना छठा विकेट गंवा चुका था। कुछ देर बाद ऋचा भी मैथ्यूज़ का शिकार हो गयीं।
श्रेयंका ने इसके बाद मेगन शूट के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिये 34 रन जोड़े। श्रेयंका ने 15 गेंद पर चार चौकों की मदद से 23 रन बनाये। उनका विकेट गिरने के बाद बैंगलोर अपने स्कोर में सिर्फ नौ रन जोड़ सका। शूट 14 गेंद पर तीन चौकों की बदौलत 20 रन बनाकर बैंगलोर के आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुईं।
मैथ्यूज़ ने मुंबई के लिये सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिये। साइका और अमेलिया केर ने दो-दो विकेट लिये जबकि नैटली सिवर-ब्रंट और पूजा वस्त्राकर को एक-एक सफलता हासिल हुई।

मुंबई के लिये लक्ष्य का पीछा करने उतरीं मैथ्यूज़ ने पहले ओवर से ही आक्रामकता दिखाई। उनका साथ देते हुए सलामी बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने भी 19 गेंद पर चार चौकों की मदद से 23 रन जोड़े। मैथ्यूज़-यास्तिका पहले विकेट के लिये 45 रन की साझेदारी करके बैंगलोर को मैच से बाहर कर रहे थे कि तभी प्रीति बोस ने यास्तिका को पगबाधा आउट करके अपनी टीम को राहत पहुंचायी।
यह हालांकि मैच में बैंगलोर का आखिरी अच्छा पल था क्योंकि मैथ्यूज़ को इसके बाद सिवर-ब्रंट का साथ मिल गया। पावरप्ले में 54 रन जोड़ने के बाद मुंबई की गाड़ी नहीं रुकी। नमाथ्यूज़ ने 10वें ओवर में सिंगल लेकर 26 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया। सिवर-ब्रंट ने भी अगले ओवर में दो लगातार चौके जड़कर मुंबई को 100 रन के आंकड़े के पार पहुंचाया।
कप्तान स्मृति ने विकेट की आस में शूट को गेंद थमाई लेकिन उनके ओवर में भी 15 रन पिटने से बैंगलोर की तमाम उम्मीदें समाप्त हो गयीं। सिवर-ब्रंट ने अंततः 15वें ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़कर अपना अर्द्धशतक पूरा किया, जबकि अगली गेंद पर विजयी चौका जड़कर मुंबई को जीत दिला दी।
अपने दोनों मुकाबले हारने वाले बैंगलोर का अगला मुकाबला बुधवार को गुजरात जायंट्स से होगा, जबकि मुंबई को अपने अगले मैच में गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स का सामना करना है।
शादाब
वार्ता

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here