नड्डा के बयान पर भड़के खड़गे

खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

नयी दिल्ली,  (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी नेता राहुल गांधी को देशद्रोही कहने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा को आड़े हाथ लेते हुए शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी के लोग देशद्रोही हैं ,वह अब दूसरों को एंटी नेशनल कह रहे हैं।

श्री खड़गे ने आज यहां कहा कि भाजपा अध्यक्ष ने श्री गांधी को एंटी नेशनल बोलकर कांग्रेस पर प्रहार किया है जबकि उन्हें मालूम होना चाहिए कि उनकी पार्टी का देश की आजादी में कोई योगदान नहीं रहा है। वह खुद देशद्रोही हैं और अब दूसरों को देशद्रोही बोल रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा “ खुद ही वो पहले से एंटी नेशनल हैं। आजादी के वक्त भी देश को आजादी दिलाने के आंदोलन में उन्होंने पार्टिसिपेट नहीं किया। जो खुद एंटी नेशनल है वो औरों को एंटी नेशनल बोल रहे हैं। क्योंकि उनके पास जनता की समस्याओं का कोई जवाब नहीं है।”
उन्होंने कहा ,“ आज जनता मोदी सरकार की करनी को भुगत रही है। देश में बेरोजगारी चरम पर है और महंगाई आसमान छू रही है, उसका कोई जवाब नहीं है। अडानी का मामला हम सब के सामने आया है, उसका जवाब क्यों नहीं देते। अडानी को बचाने के लिए सरकार इधर उधर की सारी बातें कर रही है।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार दावे बहुत करती है लेकिन सच्चाई यह है कि उसके शासन में काम कुछ नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा “14.98 करोड मनरेगा मज़दूरों का बैंक अकॉउंट अभी भी आधार से लिंक नहीं हुआ है। मोदी सरकार ने आधार बेस्ड पेमेंट सिस्टम को अनिवार्य किया है। इन मज़दूरों को केवल 31 मार्च 2023 तक ही मोहलत दी गई है। क्या इसके बाद इनकी मज़दूरी नहीं मिलेगी। मज़दूरों को मजबूर मत समझिये, मोदी जी।”
अभिनव,आशा

तिथि को पुनर्निर्धारित किया गया है