IPL 2026 CSK vs PBKS: चेन्नई के गढ़ में पंजाब किंग्स का दबदबा, पंजाब ने चेन्नई को 5 विकेट से हराया

IPL 2026 CSK vs PBKS
IPL 2026 CSK vs PBKS

खेल: IPL 2026 CSK vs PBKS । 3 अप्रैल 2026 । आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में शुक्रवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 5 विकेट से हराया।

पंजाब किंग्स की तरफ से कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, प्रियांश आर्या ने 39 रनों की आतिशी पारी खेली।

IPL 2026 CSK vs PBKS : पंजाब की लगातार दूसरी जीत, सीएसके को 5 विकेट से हराया

यह इस सीजन में पंजाब की लगातार दूसरी जीत है। चेन्नई सुपर किंग्स से मिले 210 रनों के लक्ष्य को पंजाब किंग्स ने 5 विकेट खोकर 18.4 ओवर में हासिल कर लिया। पंजाब की शुरुआत दमदार रही।

प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 4.2 ओवर में 61 रन जोड़े। प्रियांश ने सिर्फ 11 गेंदों का सामना करते हुए 354 के स्ट्राइक रेट से 39 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 3 चौके और 4 छक्के लगाए।

IPL 2026 CSK vs PBKS : वहीं, प्रभसिमरन ने 34 गेंदों में 43 रन बनाए। कूपर कोनोली ने 22 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 36 रन बनाए। हालांकि, नेहल वढेरा ने अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह 10 रन बनाकर मैट हेनरी का शिकार बने।

कप्तान श्रेयस अय्यर एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने इस सीजन का पहला अर्धशतक लगाया। अय्यर 29 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए।

अपनी इस पारी में अय्यर ने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। अय्यर के आउट होने के बाद शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस ने पंजाब किंग्स को कोई और झटका नहीं लगने दिया।

शशांक 6 गेंदों में 14 और स्टोइनिस 3 गेंदों में 9 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे। गेंदबाजी में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से मैट हेनरी और अंशुल कंबोज ने दो-दो विकेट निकाले।

चेन्नई ने पंजाब को दिया 210 रनों का लक्ष्य 

IPL 2026 CSK vs PBKS: इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 209 रन लगाए।

संजू सैमसन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 7 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे ने दूसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़े। ऋतुराज 22 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए।

IPL 2026 CSK vs PBKS: वहीं, आयुष ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 73 रनों की दमदार पारी खेली। कार्तिक शर्मा ने एक बार फिर निराश किया और वह एक रन ही बना सके।

हालांकि, सरफराज खान शानदार लय में दिखाई दिए और उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 12 गेंदों में 32 रनों की आतिशी पारी खेली।

वहीं, अंत के ओवरों में शिवम दुबे ने सिर्फ 27 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 45 रन बनाए। दुबे ने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और एक छक्का लगाया।

IPL 2026 CSK vs PBKS: गेंदबाजी में पंजाब किंग्स की ओर से विजयकुमार वैशाक ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए। यह चेन्नई की आईपीएल 2026 में लगातार दूसरी हार है। –आईएएनएस एसएम/डीकेपी

Read More : सरकार ने फ्लाइट में 60 प्रतिशत मुफ्त सीट चयन अनिवार्य करने वाले आदेश को किया स्थगित


#छत्तीसगढ, #मध्यप्रदेश #महाराष्ट्र, #उत्तर प्रदेश, #बिहार 

(यह खबर आईएएनएस समाचार एजेंसी के जरिए ली गई है। हिंद मित्र इसकी सामग्री के लिए जिम्मेदार नहीं है।)