IPL 2022 MIvsGT: मुंबई ने गुजरात पर 5 रनों से शिकस्त किया

मुंबई,

IPL 2022:मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को रोमांचक मैच में पांच रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 177 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 172 रन ही बना सकी। आखिरी ओवर में गुजरात को जीत के लिए नौ रन चाहिए थे, लेकिन टीम तीन रन ही बना सकी। आखिरी ओवर में डेनियल सैम्स ने गजब की गेंदबाजी की, जबकि उनके सामने डेविड मिलर और राहुल तेवतिया थे।

20वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन आया। दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना। तीसरी गेंद पर दो रन लेने के चक्कर में तेवतिया रन आउट हो गए। चौथी गेंद पर राशिद खान ने एक रन लिया। पांचवीं और छठी गेंद पर सैम्स ने मिलर को कोई रन नहीं बनाने दिया। इस तरह मुंबई ने जीत हासिल की। टेबल टॉपर गुजरात के लिए यह हार चौंकाने वाली है, क्योंकि 12वें ओवर तक टीम ने 106 रन पर कोई विकेट नहीं गंवाया था। उसके बाद टीम चोक कर गई।

मुंबई ने गुजरात को 178 रन का लक्ष्य दिया

मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस के सामने 178 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की शुरुआत शानदार रही। कप्तान रोहित शर्मा अच्छे फॉर्म में दिखे। उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर 74 रन की ओपनिंग साझेदारी की। रोहित अर्धशतक से चूक गए। वे 28 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद सूर्यकुमार यादव कुछ खास नहीं कर सके और 11 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन ने भी कुछ बड़े शॉट लगाए। वे 29 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में ईशान ने पांच चौके और एक छक्का लगाया।

कीरोन पोलार्ड एकबार फिर फेल रहे। वे 14 गेंदों पर चार रन बना सके। उन्हें राशिद खान ने क्लीन बोल्ड किया। तिलक वर्मा और टिम डेविड ने मुंबई की पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, 19वें ओवर में मुंबई को दो झटके लगे। इस ओवर में तिलक वर्मा रन आउट हुए। वे 16 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद इसी ओवर में लोकी फर्ग्यूसन ने डेनियल सैम्स को राशिद खान के हाथों कैच कराया। आखिरी ओवर में टिम डेविड ने 13 रन बटोरे और मुंबई को छह विकेट पर 177 रन के स्कोर तक पहुंचाया। डेविड 21 गेंदों पर 44 रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात की ओर से राशिद ने दो विकेट झटके। वहीं, अल्जारी जोसेफ, फर्ग्यूसन और प्रदीप सांगवान को एक-एक विकेट मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here