‘BJP में नहीं जा रहा, लेकिन कांग्रेस में भी नहीं रहूंगा’….”कैप्टेन अमरिंदर”

नई दिल्ली,

कांग्रेस को बड़ा झटका लगने वाला है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया है। अमरिंदर सिंह ने गुरुवार को कहा कि वह अब कांग्रेस में नहीं रहेंगे और पार्टी से इस्तीफा देंगे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) में भी शामिल नहीं होंगे। इतना ही नहीं इस बयान के बाद उन्होंने अपना ट्वविटर बायो भी बदल लिया है।

सिंह ने ट्विटर पर अपनी प्रोफाइल से कांग्रेस (Congress) हटा दिया है। कैप्टन ने अब बायो में सेना के करियर, पंजाब का पूर्व सीएम और राज्य की सेवा में लगातार काम करने की बात लिखी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट की मानें तो अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अमरिंदर सिंह नई पार्टी लॉन्च कर सकते हैं। सिंह ने 18 सितंबर को पंजाब के सीएम पद से इस्तीफा दिया था।

उन्होंने गुरुवार को एनडीटीवी से बातचीत में यह दावा भी किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी का ग्राफ बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस की लोकप्रियता 20 प्रतिशत घट गई है। गृह मंत्री अमित शाह से बुधवार को मुलाकात करने के बाद उन्होंने गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी मुलाकात की। सिंह ने कहा कि पंजाब से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं को लेकर उन्होंने डोभाल से मुलाकात की है।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह बीजेपी में शामिल होंगे तो उन्होंने कहा कि मैं भाजपा में शामिल नहीं होने जा रहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि फिलहाल मैं कांग्रेस में हूं, लेकिन लंबे समय नहीं रहूंगा। मैंने स्पष्ट किया है कि 52 साल से मैं राजनीति में हूं और लंबे समय से कांग्रेस में हूं। अगर 50 साल के बाद मेरी विश्वसनीयता पर संदेह किया गया, विश्वास नहीं किया गया तो फिर क्या रह गया था। ऐसे में मैंने मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया।

साथ ही, कैप्टन ने कहा कि कांग्रेस से मैं इस्तीफा दे दूंगा। एक अन्य सवाल के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार के सर्वेक्षण में आम आदमी पार्टी आगे बढ़ रही है, कांग्रेस नीचे जा रही है। कांग्रेस की लोकप्रियता में 20 प्रतिशत की गिरावट आई है। नवजोत सिंह सिद्धू पर लोगों को विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नई ताकत आ रही है।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह नई पार्टी बनाएंगे तो सिंह ने कहा कि जब कोई कदम उठाउंगा तो उस बारे में आपको पता चल जाएगा। सिद्धू पर एक बार फिर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि वह गंभीर व्यक्ति नहीं हैं और सबको साथ लेकर काम नहीं कर सकते। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वह बेहद शिक्षित व्यक्ति हैं। मेरे साथ मंत्री के तौर पर उन्होंने अच्छा काम किया। यह जरूरी है कि सिद्धू उनको काम करने दें। सिद्धू हावी होना चाहते हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को जी 23 की बात सुननी चाहिए। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ टकराव के बाद अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके बाद चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का नया मुख्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद सिद्धू ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here