राम हैं भव सागर के सेतु
राम अवतरित हमारे हेतु
राम हैं सकल सृष्टि आधार
राम सब मंत्रों का भी सार
समाहित राम नाम में कल्प
राम का होता नहीं विकल्प
राम ही धर्म राम ही ज्ञान
अपरिमित राम, राम विज्ञान
राम के गूढ़ अनेकों अर्थ
अचर-चर राम नहीं तो व्यर्थ
राम प्रभु सुंदर कृपानिधान
राम तप जाप राम ही ध्यान
राम की महिमा अपरम्पार
राम सब लोकों का आकार
राम ही भूमि, राम पाताल
राम ही शून्य राम ही काल
राम बल बुद्धि राम ही त्याग
राम शुभ-लाभ राम सौभाग
राम ही ग्रंथ राम ही शास्त्र
राम सब अस्त्र शस्त्र ब्रह्मास्त्र
राम बल बुद्धि पराक्रम सिंधु
राम प्रभु श्रद्धा के सुख बिंदु
राम ही सत्य राम ही श्रेष्ठ
राम त्रिपुर अधिनायक ज्येष्ठ
राम प्रभु वैभव धन संपत्ति
राम ही आराधन अनुरक्ति
राम हैं शक्ति राम हैं भक्ति
राम का नाम जीव की मुक्ति
राम माँ कौशल्या के अंक
अहिल्या तारक राम निशंक
भजो नित राम का लला नाम
राम ही कल्याणक सुखधाम
राम सर्वज्ञ राम मर्मज्ञ
राम के नाम मात्र में यज्ञ
राम प्रभु विघ्न-विनाशक राम
राम, जन-जन उद्धारक राम
भूपेन्द्र राघव