रायपुर.
छत्तीसगढ़ पुलिस में मैदानी स्तर पर वर्ष 2022 की शुरूवात में ही फिर से बड़ा फेरबदल किया गया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के 9 अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली है। 7 जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल हैं। पुलिस महकमे में पहला तबादला आदेश जारी हुआ है। आईपीएस प्रखर पाण्डेय को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सुरक्षा की कमान सौंपी गयी है।
छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 6ठीं वाहिनी के सेनानी और मुख्यमंत्री सुरक्षा के एसपी भी इस फेरबदल में शामिल हैं। राजनांदगांव के एसपी डी श्रवण को हटाकर छठवीं वाहिनी छसबल रायगढ़ का सेनानी बनाया गया है। एसपी संतोष सिंह को
राजनांदगांव का नया एसपी तैनात किया गया, छसबल रायगढ़ के सेनानी रहे प्रखर पाण्डेय को मुख्यमंत्री सुरक्षा का एसपी बनाया गया है वहीं मुख्यमंत्री सुरक्षा के एसपी रहे विवेक शुक्ला को महासमुंद का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
दंतेवाड़ा के एसपी अभिषेक पल्लव को जांजगीर-चांपा का नया एसपी बनाया गया, जांजगीर चांपा के एसपी रहे प्रशांत ठाकुर को धमतरी का नया एसपी बनाया गया, महासमुंद के एसपी रहे दिब्यांग पटेल को कोंडागांव के एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। कोंडागांव के एसपी रहे सिद्धार्थ तिवारी को दंतेवाड़ा का नया एसपी बनाया गया।















