कृषि मंत्री पटेल ने छिन्दवाड़ा के टीकाकरण महाअभियान का वर्चुअली किया शुभारंभ

भोपाल

किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने टीकाकरण महाअभियान-2 में लोगों से कोरोना का टीका लगवाने की अपील की है। उन्होंने अपने प्रभार के जिले छिन्दवाड़ा के टीकाकरण महाअभियान का वर्चुअली शुभारंभ किया। पटेल ने भोपाल के चार इमली की राजपूत धर्मशाला में बनाये गये वैक्सीनेशन सेंटर का भ्रमण भी किया।

पटेल ने सेंटर पर टीकाकरण के लिये आये लोगों की हौसला अफजाई करते हुए आव्हान किया कि अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण के लिये प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जीवन-रक्षा के लिये कोरोना का टीका लगाना निहायत ही जरूरी है। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व और मार्गदर्शन में सभी का नि:शुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। आम जनता से अपेक्षा है कि निर्धारित समय पर सभी स्वयं की सुरक्षा के लिये टीका लगवायेंगे।

रिया का नि:शुल्क करायेंगे उपचार

मंत्री पटेल ने हरदा के ग्राम रूपी-पटेरिया के उमेश गौर से वीडियो कॉलिंग द्वारा चर्चा कर रिया का नि:शुल्क उपचार कराने को आश्वस्त किया है। उन्होंने हरदा जिला चिकित्सालय में चर्चा कर प्रारंभिक उपचार के पश्चात रिया को उपचार के लिये भोपाल के हमीदिया अस्पताल के लिये रेफर कराया है। पटेल ने आश्वस्त किया है कि रिया के सिर में मौजूद ट्यूमर का उपचार नि:शुल्क कराया जायेगा। रिया और उसके परिवार को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अपना मोबाइल नम्बर दिया है, जिस पर रिया के पिता उमेश गौर कभी भी चर्चा कर सकते हैं।