ग्वालियर
विपक्ष ने सोची समझी साजिश के तहत लोकसभा की कार्यवाही को सुचारु रुप से चलने नहीं दिया। सरकार ने सदन चलाने के लिए काफी प्रयास किए लेकिन विपक्ष ने अड़ियल रवैया अपनाकर समय बर्बाद किया। इस आचारण से विपक्षी नेता लोगों में जनप्रतिनिधियों को लेकर गलत संदेश पहुंचा रहे हैं।
यह कहना है केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटीक का। जनआशीर्वाद यात्रा के सिलसिले में ग्वालियर पहुंचे श्री खटीक ने कहा कि मोदी सरकार ने मंत्रिमंडल में समाज के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देकर अनुसूचित जाति-जनजाति, ओबीसी एवं महिलाओं का मान बढ़ाया है। विपक्ष को यह रास नहीं आया और उसने इन नए मंत्रियों का सदन में परिचय तक नहीं होने दिया। दिन भर अपने व्यस्त कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार पार्टी के विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच रहे हैं। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विभिन्न आयोजनों में भी शिकरत करने वाले हैं।














