भोपाल
पर्यटन, संस्कृति और आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि विकास की राह चलती रहना चाहिए, तभी विकास होगा। पर्यटन के साथ रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे। इसके लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। सुश्री ठाकुर धार में कुक्षी तहसील के नर्मदा किनारे बसे मेघनाद घाट पर पर्यटन विभाग द्वारा करीब डेढ़ करोड़ की लागत से कराए गए निर्माण कार्यों का लोकार्पण कर रही थीं। मेघनाद घाट पर श्रद्धालुओं के लिए सर्व-सुविधायुक्त हॉल, डे-शेल्टर होम, बाउण्ड्री-वॉल, घाट पर रेलिंग आदि का निर्माण किया गया है। सुश्री ठाकुर ने कहा कि नर्मदा किनारे पहाड़ियों की गोद मे बसा मेघनाद धाम धार्मिक स्थल के साथ अब पर्यटन के लिए भी जाना जाएगा। इसके पूर्व मंत्री सुश्री ठाकुर ने माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना की और निर्मित कार्यों का अवलोकन किया।
मंत्री सुश्री ठाकुर ने कहा कि मेघनाद घाट महर्षि दधीचि की पावन भूमि है। हम सब जानते हैं कि महर्षि ने अपनी अस्थियों का दान आसुरी शक्तियों के नाश के लिए किया था। उनकी हड्डियों से वज्र का निर्माण हुआ था। ऐसे महान तपस्वी की यह तपोस्थली है। पर्यटन विभाग का मुख्य उद्देश्य है कि पर्यटन के विकास के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिले।
विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल ने कहा कि क्षेत्र में अच्छे पर्यटक स्थल बनने की सारी खूबियाँ हैं। क्षेत्र के लोगों की पुरानी माँग आज पूरी हुई है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रंजना बघेल, कलेक्टर आलोक कुमार सिंह सहित विभागीय अधिकारी और आमजन मौजूद थे।















