नई दिल्ली
पेगासस जासूसी मामले कीआज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। तीन जजों की बेंच इस मामले की आज सुनवाई करेगी, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमन्ना करेंगे। बता दें कि पेगासस मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी, जिसमे मांग की गई है कि इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराई जाए। आरोप है कि पेगासस स्पाइवेयर के जरिए लोगों के फोन टेप किए गए हैं और उन्हें सर्विलांस पर रखा गया है। सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की बेंच में जस्टिस रमन्ना के अलावा जस्टिस विनीत सरन और जस्टिस सूर्य कांत भी शामिल हैं। इससे पहले 5 अगस्त को इस मामले में हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आरोपों को गंभीर बताया था और निर्देश दिया था कि याचिकाकर्ता पहले अपनी याचिका की एक प्रति सरकारी वकील के दें, इसके बाद इस मामले की सुनवाई 10 अगस्त को होगी।
संबोधित बता दें कि जस्टिस विनीत सरन इस समय 11 सबसे सीनियर जजों में शामिल हैं, वह सामान्य तौर पर बेंच को हेड करते हैं और जस्टिस दिनेश माहेश्वरी के साथ बैठते हैं। सुप्रीम कोर्ट के पोर्टल पर पब्लिश रोस्टर के अनुसार जस्टिस सरन लेबर लॉ, लैंड एक्विजिशन, सर्विस,क्रिमिनल लॉ, पारिवारिक मामलों से जुड़े केस की सुनवाई करते है। सुप्रीम कोर्ट की कोर्ट नंबर-1 जिसकी अध्यक्षता मुख्य न्यायाधीश करते हैं वह सामान्य तौर पर तीन जजों की बेंच होती है, जबकि अन्य कोर्ट दो जजों की बेंच होती है। कई मामलों में मुख्य न्यायाधीश दो जजों की बेंच में भी बैठते हैं, वह या तो जस्टिस एएस बोपन्ना या फिर जस्टिस कांत के साथ बैठते हैं। गौर करने वाली बात है कि वरिष्ठ पत्रकार एन राम, परान्जॉय गुहा ठाकुरता और एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने सुप्रीम कोर्ट में इस पूरे मामले में याचिका दायर करके इस मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की थी।















