मुरैना
8 अगस्त, प्रख्यात समाजवादी चिंतक व विचारक लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के संरक्षक श्री रघु ठाकुर ने कहा है कि ग्वालियर चंबल सम्भाग में पिछले दिनों आई बाढ़ से जनधन की भारी क्षति हुई है। यह प्राकृतिक त्रासदी है, परंतु भयावह है। सरकार के आकलन के मुताबिक आठ हजार करोड़ रुपये के बराबर नुकसान हुआ है। मुरैना में चंबल व क्वारी नदी के किनारे के जो गांव राजस्व रिकार्ड में दर्ज नहीं हैं उन बसाहटों के नुकसान का आकलन करें तो नुकसान और ज्यादा हुआ है। हजारों एकड़ में बाजरा व तिली की फसल का नुकसान हुआ है। डबरा, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी के आसपास और भयावह स्थिति है। श्री ठाकुर आज चंबल क्षेत्र में आई बाढ़ की स्थिति देखने दिल्ली से ग्वालियर आये थे। श्री रघु ठाकुर ने कहा है कि लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी इस प्राकृतिक विपदा के समय राजनीतिक लाभ की बात नहीं करना चाहती! सरकार ने राहत के लिए जो तात्कालिक प्रयास किये हैं लोसपा उसके साथ है। पार्टी के साथियों व समाज से श्री ठाकुर ने अपील की है कि जिनके घर बाढ़ प्रभावितों के पास हैं वे कम से कम दो बेघर लोगों को अपने घर में लाकर मेहमान की तरह रखें। सरकार से बड़ी भूमिका समाज की है। जिनके मकान झोपड़ी आदि नष्ट हुए हैं उन्हें बनने में समय लगेगा। भारत के समाज ने सदैव त्रासदी के समय जनता का साथ दिया है। कोरोना के पहले चरण में जब करोड़ों लोग पलायन कर रहे थे तब समाज ने तन मन धन से पीड़ितों की मदद की थी। श्री रघु ठाकुर ने पार्टी के साथियों से अपील की है कि एक सप्ताह तक केवल एक समय भोजन करें और एक समय का खाना बाढ़ पीड़ितों को पहुंचायें। जो वस्त्र उपलब्ध करा सकते हैं वे जरूरतमंदों को कपड़े बांटें। श्री रघु ठाकुर ने कहा है कि
आज मानवता के लिए चुनौती का क्षण है। हमारा विश्वास बाढ़ को पर्यटक की तरह देखने में नहीं है बल्कि सीधे पीड़तों को मदद पहुंचाने में है। हम पीड़तों से अपील करेंगे कि आक्रोशित न हों। हम सभी उनकी पीड़ा के सहभागी हैं। यह समय आरोप प्रत्यारोप या विरोध प्रतिरोध का नहीं है। श्री रघु ठाकुर ने पत्रकारों की चुनौती का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दिनों मुम्बई के पत्रकार दानिश अली अफगानिस्तान में तालिबानी हमले के शिकार हुए। अभी लाहौर में सेनापति वाजवा के खिलाफ लिखने पर पत्रकार इमरान कादरी का अपहरण कर लिया गया। एक और पत्रकार के भाई का अपहरण कराया गया। लोसपा संयुक्त राष्ट्र संघ से अपील करती है कि सुरक्षा परिषद के माध्यम से हस्तक्षेप कर पत्रकार को रिहा कराए और पत्रकारों की सुरक्षा की गारंटी दे।भारत में भी पत्रकारों के लिए अनेक चुनौतियां हैं, और प्रेस की आजादी पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट को पत्रकारों की आजादी की रक्षा के लिए धन्यवाद दिया। लोगों को इन घटनाओं के विरोध में आगे आना चाहिए। श्री रघु ठाकुर ने कहा कि बाढ़ में जिन लोगो की मौत हुई है लोसपा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करती है। मुरैना प्रवास के दौरान श्री रघु ठाकुर लोसपा के साथी स्वर्गीय मूलचंद गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करने मुरैना में उनके घर गये। स्व गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण कर कहा कि स्व गुप्ता जैसे समर्पित साथी ही पार्टी की ताकत व पूंजी हैं। मुरैना प्रवास में श्री रघु ठाकुर के साथ पार्टी कै राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्यामसुंदर यादव, प्रदेश महासचिव जयंत सिंह तोमर व प्रवक्ता असगर खान व अन्य कार्य कर्ता साथ थे।















