मंत्री सारंग ने किया दशहरा मैदान करोंद में बाउण्ड्री-वॉल का भूमि-पूजन

भोपाल

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दशहरा मैदान करोंद का उन्नयन, विस्तार एवं बाउण्ड्री-वॉल निर्माण का भूमि-पूजन किया। लगभग 25 लाख रुपये की लागत से यह कार्य होगा। इस मैदान में दशहरा महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। इस कार्य के होने से यहाँ के रहवासियों को लाभ मिलेगा।

मंत्री सारंग ने कहा कि रहवासी क्षेत्र के लोगों की माँग पर दशहरा मैदान का सम्पूर्ण विकास किया जायेगा। मैदान के उन्नयन और विस्तार के साथ बाउण्ड्री-वॉल का निर्माण होगा। राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश की तकदीर और तस्वीर दोनों बदलने का काम किया है। विकास के नये आयाम स्थापित किये हैं।

मंत्री सारंग ने कहा कि कोविड में सभी का इलाज सरकार ने सेवाभाव से करवाया। मुख्यमंत्री अनुग्रह योजना और बाल सेवा जैसी योजना शुरू की गईं। भोपाल गैस त्रासदी में पिछली सरकार द्वारा बंद की गई पेंशन पुन: शुरू की गई। क्षेत्र में नर्मदा जल की पहुँच घर-घर में हुई। आवागमन की सुविधाओं का भी विस्तार किया गया।

सारंग ने कहा कि सरकार द्वारा गरीब की बेटी की शादी, युवाओं को रोजगार, सड़कों का जाल, नाले-नालियों का विकास, लोगों को अच्छी शिक्षा और इलाज के लिये बेहतर कार्य किये गये हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के सभी वर्ग के कल्याण के लिये सरकार ने काम किया है। इस मौके पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।