सूत्र सेवा बस से हो रही थी शराब तस्करी ,15 पेटी शराब जब्त

जबलपुर
 लखनादौन से जबलपुर के बीच चलने वाली बस में शराब का अवैध परिवहन किया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर बरगी पुलिस ने लखनादौन हिनौता गांव के समीप हाइवे पर दबिश देकर सूत्र सेवा की बस एमपी 28 पी 0721 से 664 पाव देसी शराब जब्त कर ली। शराब की खेप देशी शराब दुकान बंडोल सिवनी से लाई जा रही थी। शराब की तस्करी करने वाले लोटन सिंह गोंड, शिवम ठाकुर एवं राम बर्मन को पकड़ा गया।

 उन्होंने बताया कि वे देशी दुकान बंडोल में काम करने वाले पंती से 15 पेटी शराब खरीदकर जबलपुर ला रहे थे। शराब का पता न चलने पाए इसलिए शीशियों को बोरी में छिपाकर रखा था। लोटन, शिवम निवासी नारायणपुर तिलवारा एवं राम बर्मन निवासी दुर्गा नगर भटोली ग्वारीघाट के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। वे जबलपुर में किन तस्करों को शराब बेचने वाले थे इसका पता लगाया जा रहा है।

जुआ फड़ पर दबिश, सात जुआरी गिरफ्तार: सोनी कालोनी शास्त्री नगर में जुआ फड़ पर दबिश देकर तिलवारा पुलिस ने सात जुआरियों को पकड़ा है। तिलवारा थाना प्रभारी गणेश तोमर ने बताया कि मुखबिर से पता चला कि कालोनी में कई लड़के जुआ खेल रहे हैं। दबिश देकर कृष्णा चड़ार निवासी सोनी कालोनी, विकास ठाकुर निवासी साई मंदिर के पीछे सगड़ा, संदीप राय निवासी जेडीए कालोनी तिलवारा, निखिल विश्वकर्मा व श्रीकांत राय निवासी सोनी कालोनी, दीपक ठाकुर निवासी शास्त्रीनगर, विपिन राजपूत निवासी जेडीए कालोनी तिलवारा को पकड़ा गया। फड़ से 5 हजार 330 रुपये जब्त किए गए।