सागर
सागर जिले में दक्षिण वन मंडल के राहतगढ़ परिक्षेत्र में खेजरामाफी गांव के पास तेंदुए का शव मिला है। तेंदुए के सिर पर गहरे घाव के निशान मिले है। घाव कुल्हाड़ी का होने की बात कही जा रही है। जिसे देखकर शिकार की आंशका जताई जा रही है।
राहतगढ़ रेंजर सर्वेश सोनी ने बताया कि राहतगढ़ से 12 किमी दूर खेजरामाफी गांव के से सटे जंगल में गुरुवार को तेंदुए का शव मिला है। ग्रामीणों को सूचना पर मौके पर तुरंत वन विभाग की टीम पहुंची। जहां देखा तो 1 वर्ष की मादा तेंदुए का शव संदिग्ध हालात में शव मिला। मौके पर डॉग स्क्वॉड व एफएसएल टीम को बुलाया गया। डॉग सक्वॉड से घटनास्थल पर शिकार से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले में कुछ संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।
पंचनामा बनाकर राहतगढ़ में ही किया दाह संस्कार
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाकर तेंदुए के शव को अपने कब्जे में लिया। शाम करीब 4 बजे राहतगढ़ में ही तेंदुए के शव का डॉ. समीर यादव ने पीएम किया। इसके बाद अधिकारियों ने वन विभाग के राहतगढ़ कैंपस में ही मादा तेंदुए का दाह संस्कार किया।
प्राइमरी रिपोर्ट तेंदुए की मौत सुबह 4 से 6 के बीच बताई
वन अफसरों के अनुसार पोस्टमार्टम की प्राइमरी रिपोर्ट में मादा तेंदुए की मौत गुरुवार सुबह 4 से 6 के बीच होना बताई गई है। मौत का कारण भी सिर में गहरी चोट का निशान है। शुरूआत रिपोर्ट के आधार पर अभी जांच की जा रही है। यह मामला शिकार का ही है या नहीं यह तो दो-तीन दिन में विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगा।
दक्षिण वन मंडल प्रभारी डीएफओ वेनी प्रसाद वोतनिया ने बताया कि डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच में कुछ साक्ष्य मिले हैं। मामले से जुड़े सबूत जुटाने के लिए टीम लगा दी है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















