सरगुजा
रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर दलधोवा घाट के समीप रविवार की देर रात चांवल से भरा ट्रक बेकाबू होकर पलट गया, जिसके नीचे दब जाने के कारण ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं क्लीनर गंभीर रुप से घायल हो गया है जिसे बलरामपुर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
चावल लोड ट्रक रामानुजगंज से अंबिकापुर की ओर आ रहा था और दलधोवा घाट के पास चालक का ट्रक पर नियंत्रण हट गया और वह बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा और पलट गया। चावल के बोरे और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के नीचे दब जाने के कारण चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर आसपास के लोगों व राहगीरों ने घायल अवस्था में मिले क्लीनर को बाहर निकाला और उसे बलरामपुर जिला अस्पताल भेजा। रविवार रात को हुई घटना के बाद ट्रक के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकालने कोई प्रबंध नहीं हो सका। प्रतिकूल मौसम की वजह से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के नीचे ही शव पड़ा रहा।
सोमवार सुबह बलरामपुर पुलिस मौके पर पहुंची। चावल के बोरों को हटाकर चालक के शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल लाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
















