वाराणसी।
कोरोना से प्रभावित ऑटोमोबाइल बाजार में अब राहत मिली है। पेट्रोल-डीजल की लगातार मूल्यवृद्धि से बाजार में सीएनजी वाहनों की मांग तेजी से बढ़ी है। पांच से आठ लाख रुपये तक की कारों की मांग सर्वाधिक है। बनारस में एक हजार से अधिक चार पहिया वाहनों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। कुछ कंपनियों के सीएनजी मॉडल पर एक से तीन माह की वेटिंग भी है।
हालांकि एक ऑटोमोबाइल कंपनी के एसयूवी सेगमेंट की पेट्रोल-डीजल की गाड़ियों की मांग भी काफी है। इसकी वेटिंग छह महीने है। कंपनी हर महीने एक डीलर को 10 से 15 गाड़ियों की डिलीवरी दे रही है जबकि उसकी मांग 125-150 गाड़ियों की है। बनारस में करीब 700 सीएनजी वाहनों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। हालांकि पेट्रोल-डीजल के वाहनों की भी मांग ज्यादा है। इनमें की तीन सौ से अधिक एडवांस बुकिंग हो चुकी है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में ईएमआई की सुविधा व कंपनियों के ऑफरों के कारण भी लोग कार खरीदने को इच्छुक हैं। हालांकि बाजार के जानकारों का कहना है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए ग्राहकों में छोटी कारों के प्रति रुझान बढ़ा है।















