कई राज्यों में शुरू हो सकता है बारिश का सिलसिला 

नई दिल्ली
दक्षिण भारत के साथ ही उत्तर भारत भी भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहा है, जहां रोजाना तापमान नए रिकॉर्ड बना रहे। हालांकि अब एक राहत भरी खबर सामने आई है, क्योंकि उत्तर पश्चिमी राजस्थान और हरियाणा के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस वजह से राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज यानी शनिवार को हल्की बारिश की संभावना है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वैसे मौजूदा वक्त में उत्तर भारत के सभी राज्य उमस भरी गर्मी झेल रहे हैं। पारा सामान्य से नीचे मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है, क्योंकि शनिवार को तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई।

 फिलहाल वहां का न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस है, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। साथ ही शाम तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। बाकी राज्यों का कैसा रहेगा हाल? वहीं तटीय राज्यों की बात करें तो केरल, कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ठीक इसी तरह की भविष्यवाणी पूर्वोत्तर भारत के लिए भी हुई है। IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश की उम्मीद है। वहीं पंजाब और राजस्थान के लोगों को अभी भी गर्मी झेलनी पड़ेगी, क्योंकि वहां पर सिर्फ हल्की बूंदाबांदी ही होगी। 

अरब सागर की ओर बढ़ रहा मानसून आपको बता दें कि गुरुवार को मानसून केरल पहुंच गया। जिसके बाद केरल और आसपास के राज्यों में भारी बारिश हुई। इसके अलावा प्री मानसून ने भी कर्नाटक को शुक्रवार को जमकर भिगोया। मानसून अब धीरे-धीरे अरब सागर की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में अगले कुछ दिनों बाद ये महाराष्ट्र में दाखिल होगा।