सोनिया गांधी ने 05 राज्यों के कांग्रेस अध्यक्षों से इस्तीफा मांगा, नवजोत सिंह सिद्धू, लल्लू और गोदियाल ने इस्तीफा दिया

नयी दिल्ली 

हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचों चुनावी राज्यों के पार्टी अध्यक्षों से इस्तीफा देने को कहा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के इस निर्देश के कुछ देर बाद ही उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपने त्यागपत्र की घोषणा की। सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के 2 दिनों बाद यह कदम उठाया है।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, गोवा इकाई के अध्यक्ष गिरीश चोडानकर और मणिपुर इकाई के अध्यक्ष एन लोकेन सिंह से इस्तीफा देने को कहा गया है। सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर की प्रदेश इकाइयों के अध्यक्षों को इस्तीफा देने के लिए कहा है ताकि प्रदेश कांग्रेस कमेटियों का पुनर्गठन किया जा सके।’

नवजोत  सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफे की चिट्ठी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेज दिया है। नवजोत सिद्धू ने ट्वीट कर अपने इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘जैसा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था, मैंने अपना इस्तीफा दे दिया है।’

हाल में पांच राज्यों में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने पांचों चुनावी राज्यों के पार्टी अध्यक्षों से इस्तीफा देने को कहा था।कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के  निर्देश के कुछ देर बाद ही उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपने त्यागपत्र की घोषणा कर दी थी। इसके बाद सिद्धू आज सुबह ट्वीट कर अपने इस्तीफे की जानकारी साझा की।

गत रविवार को हुई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए कहा था कि वह संगठनात्मक चुनाव पूरा होने तक पद पर बनी रहें और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए जरूरी कदम उठाएं। कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश के कुछ देर बाद गोदियाल ने अपने इस्तीफे की घोषणा की। गोदियाल ने अपना इस्तीफा ट्वीट करते हुए कहा, ‘प्रदेश में हुये विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए आज मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। मैं परिणाम के दिन ही इस्तीफा देना चाहता था पर आलाकमान के आदेश की प्रतीक्षा पर रुका था।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here