राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की

नई दिल्ली ।। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के देवघर जिले में बुधवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। राष्ट्रपति ने 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक, देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विशेष पूजा की। पुजारियों के एक दल ने मंदिर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूजा में राष्ट्रपति की मदद की।

देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति के मंदिर आने के मद्देनजर बुधवार को सुबह छह बजे से साढ़े दस बजे तक मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित था। मंदिर के अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू ने पुजारियों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर में विशेष पूजा की।

इससे पहले झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने देवघर हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति की अगवानी की। राष्ट्रपति राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।

इस यात्रा के दौरान वह झारखंड उच्च न्यायालय के नए भवन का उद्घाटन करेंगी, रांची में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) के दूसरे दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी और खूंटी में एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगी।

यह राष्ट्रपति पद संभालने के बाद झारखंड का उनका दूसरा दौरा होगा। राष्ट्रपति सचिवालय ने एक बयान जारी कर बताया, ‘‘ भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 24 से 26 मई 2023 तक झारखंड का दौरा करेंगी। 24 मई को वह रांची में झारखंड उच्च न्यायालय के नए भवन का उद्घाटन करेंगी। 25 मई को वह केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्रालय द्वारा खूंटी में आयोजित महिला सम्मेलन में हिस्सा लेंगी।’’ बयान में कहा गया है, ‘‘राष्ट्रपति 25 मई को नामकुम में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, रांची के दूसरे दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी। उसी शाम, वह राजभवन में झारखंड सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।’’

देवघर से मुर्मू रांची रवाना होंगी। रांची हवाई अड्डे से वह बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के लिए बिरसा चौक जाएंगी और फिर अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचेंगी, जहां वह लांस नायक अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि देंगी। इसके बाद, वह राजभवन जाएंगी। झारखंड में राष्ट्रपति के स्वागत के लिए सड़कों पर बैनर और होर्डिंग लगाए गए हैं। मुर्मू वर्ष 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर देवघर, रांची और खूंटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रांची के पुलिस अधीक्षक (नगर) सुभांशु जैन ने कहा कि शहर में 3,000 पुलिस कांस्टेबल और 900 अधिकारियों को तैनात किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here