यूपी पंचायत चुनाव में बगावत पर भाजपा से पूर्व विधायक जतारिया निष्कासित, अन्य बागियों की भी सूची मांगी गई  

 लखनऊ 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे बबीना झांसी के पूर्व विधायक सतीश जतारिया को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी जिलाध्यक्षों से पार्टी के ऐसे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सूची तलब की है जो पार्टी के अधिकृत समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं।

सूची आने पर सभी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। बताया जाता है कि पार्टी द्वारा घोषित अधिकृत समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ पार्टी के कई नेता चुनाव मैदान में हैं। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के विरुद्ध चुनाव लड़ने वाले पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। सभी की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करते हुए पार्टी से निष्कासित किया जाएगा। जिलाध्यक्षों को पहले चरण के लिए घोषित प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सूची तत्काल भेजने का निर्देश दिया है।
 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शनिवार 10 अग्रैल को इटावा, कानपुर, प्रयागराज व भदोही जिले का दौरा करेंगे। वह सबसे पहले इटावा पहुंचेंगे। सुबह इटावा में पंचायत जिला चुनाव संचालन समिति की बैठक के साथ ही वार्ड प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह कानपुर पहुंचेंगे और बैठकें करेंगे। कानपुर से प्रयागराज जाएंगे। प्रयागराज में बैठकें करने के बाद रात में वह भदोही पहुंचेगे। भदोरी में रात दस बजे से वह पंचायत जिला चुनाव संचालन समिति तथा वार्ड प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here