मोरबी पुल हादसे में 134 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, हिरासत में लिए गए 9 लोग

गुजरात के मोरबी में रविवार को हुए हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है और सैकड़ों घायल हैं। हादसे में होने वाली मौतों की संख्या लगातार बढ़ रही है और रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर चल रहा है। गौरतलब है कि ये हादसा मच्छू नदी पर केबल ब्रिज टूटने की वजह से हुआ।

अहमदाबाद 

गुजरात के मोरबी में रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में अब तक 134 लोगों की मौत हो चुकी है और ये संख्या अभी बढ़ सकती है। गौरतलब है कि मच्छु नदी में बना केबल ब्रिज टूटने से यहां कई लोग नदी में गिर गए थे। ये हादसा रविवार शाम को हुआ था, जब लोग छठ मना रहे थे। मिली जानकारी के मुताबिक, केबल पुल पर सैकड़ों लोग मौजूद थे और अचानक ये पुल टूट गया। राहत कार्य के लिए लगातार रेस्क्यू टीम काम कर रही है। घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया जा रहा है। इस मामले में 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

दलदल वाले एरिया में सर्च जारी, लोगों के फंसे होने की आशंका – NDRF

मोरबी हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही NDRF ने बताया है कि दलदल वाले इलाके में सर्च अभियान जारी है। झूले के नीचे लोगों के फंसे होने की आशंका है। दलदल की वजह से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है।

एनडीआरएफ के डीआईजी मोहसीन शाहिदी ने हादसे पर कही ये बात

एनडीआरएफ के डीआईजी मोहसीन शाहिदी ने हादसे पर कहा कि स्थानीय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 132 शव बरामद हुए और 2 अभी भी लापता हैं। उनका पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ की 5 टीमें मौके पर तैनात हैं। इसके अलावा एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, सेना, गरुड़ कमांडो भी हैं। रेस्क्यू में समय लगता है। सर्च ऑपरेशन जल्द ही खत्म हो जाएगा।

रेस्क्यू के लिए टीमें कर रहीं काम

राजकोट फायर ब्रिगेड ने 6 नाव, 6 एम्बुलेंस, 2 बचाव वैन, 60 जवान तैनात किए। बड़ौदा, अहमदाबाद, गोंडल, जामनगर, कच्छ से कुल 20 बचाव नौकाएं रेस्कयू का काम कर रही हैं। 12 फायर टेंडर, बचाव वैन, 15 से ज्यादा एम्बुलेंस यहां हैं। राजकोट के मुख्य अग्निशमन अधिकारी इलेश खेर ने ये जानकारी दी है।

ब्रिज गिरने की घटना के चश्मदीद ने बताई पूरी कहानी

मोरबी में केबल ब्रिज गिरने की घटना के चश्मदीद ने बताया कि पुल 6-6:30 बजे गिरा। कई लोग पानी में गिरे और कई लोगों ने ब्रिज में लगे जाल को पकड़ कर बचने की कोशिश की। कई बच्चों, महिलाओं को मैं खुद अस्पताल लेकर आया, एक महिला थी जो गर्भवती थी, उन्हें भी अस्पताल लाया गया लेकिन उनकी मृत्यु हो गई।

मोरबी घटना पर बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने मोरबी हादसे पर कहा कि अस्पताल में लगातार इलाज चल रहा है। हादसे की खबर मिलने के बाद ही CM भूपेंद्र पटेल मोरबी पहुंच गए थे। जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई है। राहत और बचाव कार्य में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

मोरबी पहुंच सकते हैं पीएम मोदी, हादसे के बाद रद्द किया आज का रोड शो

पीएम मोदी इस समय गुजरात के दौरे पर हैं लेकिन मोरबी में हुए हादसे की वजह से उनका सोमवार को अहमदाबाद में होने वाला रोड शो रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा पीएम मोदी का गांधीनगर में एक नवंबर को होने वाला पेज समिति कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पीएम मोदी आज मोरबी पहुंच सकते हैं और हालातों का जायजा ले सकते हैं।

हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिया ये बयान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गुजरात में कल की घटना में कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है। सबसे पहले मैं दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मारे गए सभी लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। जिन लोगों की मृत्यु हुई है उन्हें शांति मिले।

सामने आईं आज सुबह की तस्वीरें, गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी मौके पर मौजूद

गुजरात के मोरबी में केबल ब्रिज टूटने से हड़कंप मचा हुआ है। आज सुबह से यहां की जो तस्वीरें आई हैं, उनमें हादसे का सूनापन साफ दिखाई दे रहा है। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी मौके पर मौजूद हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हादसे पर यह कहा

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम कांग्रेस पार्टी और अपनी ओर से मृतक के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। साथ ही जो भी लोग इस ब्रिज को बनाने में शामिल थे इसकी जांच की जानी चाहिए। मृतकों के परिवार को जल्द सरकार की ओर से राहत मिलना चाहिए, घायलों को राहत दी जानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी के कई नेता घटनास्थल पर पहुंचे और अशोक गहलोत भी घटनास्थल पर पहुंचे रहे हैं। हम अभी इस पर किसी तरह की राजनीति नहीं करना चाहते हैं। इस ब्रिज को ठीक करने के बाद इसका उद्घाटन हुआ और मरम्मत के बाद ही ब्रिज गिर गया इसके पीछे क्या कारण है? इसकी जांच हो। साथ ही इतने लोगों के एक साथ एक समय में ब्रिज पर उपस्थिति का कारण क्या था इसका भी पता लगाया जाए।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर कही ये बात

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। किस कारण से ये पुल नीचे गिरा, इस पर सरकार को निष्पक्ष जांच के आदेश देने चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध करवाया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here