देश के कई राज्यों में आज से शुरू हो रहा अनलॉक 

 नई दिल्ली 
देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की रफ्तार धीरे-धीरे कम हो रही है। अधिकतर राज्यों में संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आ रही है। ऐसे राज्यों ने अनलॉक की प्रक्रिया शुरू कर दी है यानी संक्रमण थामने के लिए लगाई गईं पाबंदियों में छूट देना शुरू कर दिया है। वहीं, जिन राज्यों में अभी संक्रमण की रफ्तार नहीं थमी है वहां सख्ती की समय सीमा आगे बढ़ा दी गई है। आइए जानते हैं देशभर में लॉकडाउन में कहां-कहां छूट दी गई है और कहां लॉकडाउन आगे बढ़ाया गया है।  
 
महाराष्ट्र सरकार की अनलॉक योजना के तीसरे चरण में मुंबई में सोमवार से रेस्तरां, गैरजरूरी सामान वाली दुकानें और सार्वजनिक स्थल खोल दिए जाएंगे लेकिन मॉल, सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स बंद रहेंगे। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा शनिवार को जारी नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, लोकल ट्रेनों में स्वास्थ्यकर्मी और जरूरी सेवा में लगे लोग ही यात्रा कर पाएंगे। महाराष्ट्र सरकार की अधिसूचना के मुताबिक, राज्य में संक्रमण दर पांच प्रतिशत से 10 प्रतिशत के बीच रहने और 60 प्रतिशत ऑक्सीजन बेड खाली रहने वाले नगर निगम और जिले को तीसरे चरण में रखा गया है। बीएमसी के आदेश के मुताबिक जरूरी सामान बेचने वाली दुकानें 7 जून से सभी दिन शाम चार बजे तक खुली रह सकती हैं। गैरजरूरी उत्पाद बेचने वाली दुकानें सप्ताहांत पर शाम चार बजे तक खुली रहेंगी। मॉल, सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स बंद रहेंगे।

 मुंबई में रेस्तरां सप्ताह के कामकाजी दिनों में शाम चार बजे तक 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुल सकते हैं। पार्सल, होम डिलीवरी और खाना ले जाने की सुविधाएं जारी रहेंगी। मुंबई में सार्वजनिक स्थल और मैदान हर दिन सुबह पांच बजे से पूर्वाह्न नौ बजे तक खोले जा सकते हैं। निजी कार्यालयों में कामकाजी दिनों में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ शाम चार बजे तक कार्य कर सकते हैं। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के प्रसार की रोकथाम के लिए लगाई गईं पाबंदियों में ढील के लिए शुक्रवार को पांच स्तरीय योजना की घोषणा की थी। इसके लिए कोविड-19 की संक्रमण दर और ऑक्सीजन बेड की उपलब्धता को पैमाना बनाया गया है।
 
गुजरात सरकार ने कोरोना के कम होते मामलों के बीच शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य के निजी और सरकारी कार्यालय सात जून से 100 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम कर सकते हैं। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने यह निर्णय लिया। राज्य में 4 जून से 36 शहरों में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक दुकानें खोने जाने की छूट दी गई थी। रेस्‍तरां अब रोज रात 10 बजे तक होम डिलीवरी कर सकेंगे।
 
दिल्‍ली सरकार ने अनलॉक के दूसरे हफ्ते में कुछ शर्तों के साथ बाजार और मॉल्स खोलने का फैसला क‍िया है। यानी बाजार और मॉल्स की आधी दुकानें एक दिन खुल सकेंगी और आधी दुकानें दूसरे दिन। सरकारी-प्राइवेट दफ्तरों में 50% स्‍टाफ के साथ काम होगा। ग्रुप एक कर्मचारी 100 फीसदी आएंगे। दिल्‍ली मेट्रो की शुरुआत भी सोमवार से हो रही है। हालांकि, ये भी आधी क्षमता से ही चलेंगी। ई-कॉमर्स डिलीवरी भी शुरू हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here