दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल विपश्यना के लिए जाएंगे

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

नयी दिल्ली, (भाषा)

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों को एक बार विपश्यना करने की सलाह देते हुए शनिवार को घोषणा की कि वह विपश्यना साधना करने जा रहे हैं।.

विपश्यना एक प्राचीन भारतीय ध्यान पद्धति है, जिसमें भाग लेने वाले लोग एक निश्चित अवधि तक किसी भी संचार से दूर रहते हैं, यहां तक कि किसी से संवाद या संकेतों के माध्यम से भी बात नहीं कर सकते हैं। विपश्यना केंद्र में रहकर वे मानसिक साधना का लाभ लेते हैं। इसे आत्‍म निरीक्षण और आत्‍म शुद्धि की सबसे बेहतरीन पद्धति माना गया है।

10 दिनों तक विपश्यना साधना करेंगे केजरीवाल

हालांकि, तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल विपश्यना का अभ्यास कहां करेंगे। विपश्यना के नियमित अभ्यास करने वाले केजरीवाल पहले धरमकोट, नागपुर और बेंगलुरु में भी इसका अभ्यास कर चुके हैं। 2016 में वे 10 दिनों तक विपश्यना का अभ्यास करने के लिए नागपुर गए थे। इसके अगले साल, वह महाराष्ट्र के इगतपुरी और हिमाचल प्रदेश के धर्मकोट पहुंचे थे।