दिग्विजय सिंह शुक्रवार को कर सकते हैं नामांकन, सोनिया से मिलने पहुंचे गहलोत

नई दिल्ली

कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव दिलचस्प होता जा रहा है। कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वह शुक्रवार (30 सितंबर) को नामांकन कर सकते हैं। उन्होंने आज 10 फॉर्म लिए हैं। हालांकि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत भी कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में बने हुए हैं। वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली पहुंचे हैं। इससे पहले सूत्रों के हवाले से ये खबर सामने आई थी कि दिग्विजय सिंह या अशोक गहलोत में से कोई एक नामांकन दाखिल करेगा।

“मैं अकेला ही चला था जानिब-ए-मंजिल मगर…”, ऐसा क्यों बोले शशि थरूर

हालही में कांग्रेस सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर का बयान सामने आया था, जिसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में कई नेताओं के नाम सामने आए थे, जिसमें अशोक गहलोत, दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर का नाम था। शशि थरूर ने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए वह 30 सितंबर को नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पहले उन्होंने ट्वीट करते हुए एक शायरी के जरिए यह दावा किया था कि उनकी उम्मीदवारी के समर्थन का दायरा बढ़ता जा रहा है। या इसके ये मायने भी हो सकते हैं कि उनकी ओर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की हामी भरने के बाद इस रेस में कई नेताओं के नाम सामने आ गए हैं, जिनकी दूर-दूर तक चर्चा नहीं थी।

दरअसल शशि ने मशहूर शायर और गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी का एक शेर ट्वीट किया था। थरूर ने लिखा था, “मैं अकेला ही चला था जानिब-ए-मंज़िल मगर, लोग साथ आते गए और कारवां बनता गया।”

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 11 अक्टूबर को वोटिंग

शशि थरूर 30 सितंबर को सुबह 11 बजे नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से शुरू हुई, जो 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। वहीं, वोटिंग 17 अक्टूबर को होगी और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here