चुनाव से पहले बूथ लेवल तक वंचित वर्गों को पार्टी से जोड़ने की कवायद

भोपाल
प्रदेश भाजपा अगले एक साल में प्रदेश भर में बीस हजार से अधिक समयदानी कार्यकर्ता प्रदेश के अलग-अलग जिलों में खासतौर पर पंचायतों में भेजेगी। यह समयदानी कार्यकर्ता एससी, एसटी बस्तियों में खासतौर पर प्रवास करेंगे और वहां रहकर लोगों की मन:स्थिति को भांपने के बाद भाजपा को लेकर उनके विरोधाभास को दूर करने का काम करेंगे। इन समयदानी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी इन वर्गों के लोगों को भाजपा से जोड़ने की जिम्मेदारी संगठन विस्तार के रूप में सौंपी जाएगी।

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पितृपुरुष कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर हुए कार्यक्रम के बाद प्रदेश संगठन ने समयदानी कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने और प्रवास को लेकर कार्ययोजना बनाने का काम शुरू कर दिया है। जल्द ही समयदानी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाकर उन्हें प्रशिक्षण देकर उन्हें प्रवास के लिए भेजने का काम किया जाएगा। संगठन ने प्रदेश भर में बूथ सक्षम बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास की कड़ी में यह निर्णय लिया है। इसमें पंचायत स्तर पर प्रवास पर फोकस किया जा सकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने कहा है कि समयदानी पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को कम से कम पचास से सौ दिन तक प्रवास की जिम्मेदारी सौंपी जाए। इसके बाद संगठन ने इसके लिए कवायद तेज कर दी है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ठाकरे जन्मशती समारोह तैयारी बैठक में प्रदेश अध्यक्ष से कहा कि वे कार्यकर्ताओं से समयदान मांगें। यह उनका सुझाव है क्योंकि कुशाभाऊ समयदान करते थे और उसी दम पर संगठन यहां पहुंचा है। वे कहते थे कि भाजपा एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि परिवार है और इसे निभाने के लिए वे प्रवास के दौरान कार्यकर्ता के घर मांगलिक अवसर या शोक की स्थिति में भोजन, नाश्ते के लिए पहुंचते थे। यह स्थिति इस समय मिसिंग में है। इसलिए समयदानी कार्यकर्ता के माध्यम से इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।

संगठन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती पर भी समयदानी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई थी। तब समयदानी को सात दिन का प्रवास ग्राम केंद्र और नगर केंद्र स्तर पर करने के लिए कहा गया था और उनसे संगठन विस्तार व दीनदयाल की विचारधारा लोगों तक पहुंचाने के लिए कहा गया था। अब कुशाभाऊ जन्मशती वर्ष में भाजपा को लेकर गुमराह करने वालों का भ्रम दूर करने का काम इनके जरिये किया जाएगा।

प्रदेश संगठन ने तय किया है कि जन्मशती वर्ष पर प्रदेश के नौजवान साथी यूथ फॉर द नेशन और पॉलिटिक्स फॉर द नेशन के लिए काम करेंगे। ये अनुसूचित जाति, जनजाति के एक करोड़ युवाओं के साथ कनेक्टिविटी बनाने के लिए भी काम करेंगे। इस दौरान जिन जिलों में पार्टी कार्यालय नही हैं उन जिलों मे भी आधुनिक कार्यालय बनाए जाएंगे। यहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से लेकर सभी प्रकार की सुविधाएं की जाएंगी।

संगठन ने तय किया है कि पूरे वर्ष कुशाभाऊ ठाकरे के बताए मार्ग पर चलकर शक्ति संचय की साधना में स्वावलंबी मंडल और एक आदर्श मंडल बनाने की दिशा में काम करेंगे। जन्मशताब्दी वर्ष के ध्येय वाक्य संगठन गढ़े चलो को लेकर स्वावलंबी मंडल के साथ सक्रिय नगर एवं ग्राम केन्द्र और सक्षम बूथ निर्माण के लिए जुटेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here