खनिज क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए केन्द्र सरकार ने किया मध्यप्रदेश को पुरस्कृत

मुख्यमंत्री श्री चौहान को खनिज मंत्री ने भेंट की ट्रॉफी, मंत्रि-परिषद की बैठक में दी गई उपलब्धि की जानकारी

भोपाल,

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने खनिज क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदेश को केन्द्र सरकार द्वारा प्रदान की गई ट्रॉफी और पुरस्कार भेंट किए। मुख्यमंत्री चौहान को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक में ट्रॉफी भेंट की गई।

खनिज साधन मंत्री सिंह ने बताया कि भारत सरकार के खान मंत्रालय द्वारा खनिज क्षेत्र में खोज, खनिज ब्लॉक की नीलामी, प्रक्रियाओं में सुधार, माइनिंग क्षेत्र में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, राजस्व में वृद्धि आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य शासन को पुरस्कार प्रदान किया गया है। राज्य शासन को 12 जुलाई को अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में छठवें नेशनल माइनिंग कॉन्क्लेव में दो विभिन्न श्रेणियों में 3 करोड़ का प्रथम पुरस्कार तथा 2 करोड़ का द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार में ट्रॉफी भी प्रदान की गई।

यह पुरस्कार केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय खान मंत्री प्रल्हाद जोशी तथा केन्द्रीय राज्य मंत्री राव साहेब दानवे पाटिल द्वारा प्रदान किया गया। राज्य शासन की ओर से मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, प्रमुख सचिव खनिज साधन सुखवीर सिंह द्वारा पुरस्कार ग्रहण किया गया। वर्ष 2021-22 में खनिज ब्लॉक की सफल नीलामी के लिए प्रोत्साहन के रूप में 2 करोड़ की अतिरिक्त राशि भी राज्य शासन को प्रदान की गई। मध्यप्रदेश शासन को कुल 7 करोड़ की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here