कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद गोदिल प्रसाद अनुरागी का निधन….

बिलासपुर,

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिलासपुर से लोकसभा के पूर्व सांसद गोदिल प्रसाद अनुरागी का रविवार को निवास स्थान में निधन हो गया। पूर्व सासद अनुरागी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। कुछ दिन शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। डिस्चार्ज होने बाद घर से ही उनका इलाज चल रहा था। पूर्व सांसद के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने स्वास्थ्य अधिकारियों को उनके उपयुक्त इलाज के निर्देश दिए थे। पूर्व सांसद अनुरागी बीते दो महीने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।

अनुरागी कोमा में चले गए थे। अंतिम समय में उनकी पुत्री कमला कोसले उनके पास मौजूद थी। वर्ष 1928 में रतनपुर के नवापारा में जन्मे गोदिल प्रसाद अनुरागी वर्ष 1967 से 1971 तक मस्तूरी विधानसभाक्षेत्र क्षेत्र के विधायक रहे और इसके बाद वर्ष 1980 से 1985 तक उन्होंने बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद पद का दायित्व निभाया। स्वर्गीय अनुरागी के एक पुत्र और दो पुत्रियां कमला कोसले और तान्या अनुरागी हैं। उनके पुत्र का देहावसान हो गया है। उनका अंतिम संस्कार गृह ग्राम नवापारा में किया गया।

भूमिपूजन कार्यक्रम स्थगित: बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद व पूर्व विधायक गोदिल प्रसाद अनुरागी के निधन के कारण आज जिले में पीडब्लूडी विभाग अंतर्गत होने वाले भूमिपूजन का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। मंथन सभा कक्ष में रखे गये इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वर्चुअली शामिल होने वाले थे। जैसे ही अनुरागी के निधन की सूचना मिली मुख्यमंत्री बघेल के निर्देश पर बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत होने वाले भूमिपूजन कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया।

जिले में आज 26 करोड़ 4 लाख की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन मुख्यमंत्री बघेल द्वारा वर्चुअली किया जाना था। इनमें रतनपुर से बादल महल कोटा रोड तक 5 किमी सड़क निर्माण, बोदरी बोड़सरा से खुड़ियाडीह होते हुए झाल तक पुल पुलिया सहित 4 किमी सड़क निर्माण, कोनी से सरस्वती शिशु मंदिर मार्ग तक 2.80 किमी पुलिया सहित सड़क निर्माण, टेकारी से पथराटाल 4 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा मंगला से लोखंडी रेलवे फाटक तक 3.50 किमी टू लेन सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।