उन्नाव में प्रधान पति में किशोर को गोली से उड़ाया, तीन जख्मी

 उन्नाव 
उन्नाव में फतेहपुर चौरासी थाने के अटवां गांव में शुक्रवार देर रात चुनावी रंजिश में नवनिर्वाचित प्रधान पति समेत आधा दर्जन लोगों ने फायरिंग कर किशोर को मौत के घाट उतार दिया। गोलीबारी में तीन लोग जख्मी हो गए। गोलीबारी से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया है, आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

अटवां गांव में शुक्रवार रात पाल बस्ती में बारात आई थी। गांव का रहने वाला युवक और वर्तमान प्रधान समर्थक अभिषेक बारात पक्ष में शामिल थे। बारात गांव के मिथिलेश पाल के घर के सामने पहुंची तो रास्ता संकरा होने की वजह से रुक गई। इसी दौरान अभिषेक ने मिथिलेश पाल के घर वालों को अपशब्द कह दिए। मिथिलेश पाल के बेटे दीपक ने गाली देने का विरोध किया। इस पर अभिषेक ने धमकी दी, चले जाओ नहीं तो जान से हाथ धो दोगे। मौका देखते ही अभिषेक ने नवनिर्वाचित प्रधान पति रणधीर सिंह को मोबाइल से मामले की जानकारी दे दी। सूचना मिलते ही नवनिर्वाचित प्रधान पति आधा दर्जन लोगों के साथ पहुंच गया।

प्रधान पति पर आरोप है कि उसने अभिषेक के समर्थन में पीड़ित परिवार पर साथियों संग गोली चला दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से बारात में भगदड़ मच गई। प्रधान पति ने कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने से दीपक की मौत हो गई और उसकी मां समेत तीन लोग जख्मी हो गए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। जानकारी होने पर देर रात एसपी आनंद कुलकर्णी ने मौके पर पहुंचे जांच पड़ताल की। एसपी ने कहा कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।