नई दिल्ली
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को COVID के मद्देनजर परीक्षाओं और शैक्षणिक कैलेंडर पर नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। नोटिस के अनुसार किसी भी तरीके से परीक्षा आयोजित करना अनिवार्य होगा। आखिरी सेमेस्टर/अंतिम वर्ष की परीक्षा (2020-21) ऑनलाइन या ऑफलाइन मोड में कोरोना के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए 31 अगस्त 2021 से पहले आयोजित हो जानी चाहिए।
इसके अलावा नोटिस में कहा गया है कि कोरोना के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ऑनलाइन, ऑफलाइन या मिश्रित मोड में जल्द से जल्द शैक्षणिक सत्र शुरू किया जाए। यूजीसी के अनुसार सत्र 2021-22 के लिए प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए प्रवेश प्रक्रिया 30 सितंबर, 2021 तक पूरी होनी चाहिए और सभी खाली सीटों को 31 अक्टूबर, 2021 तक भरा जाना चाहिए क्योंकि सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड जुलाई के अंत तक परीक्षा परिणाम जारी करेंगे।














