नयी दिल्ली (वार्ता) दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब की राजनीति के स्तंभ रहे सरदार प्रकाश सिंह बादल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने मंगलवार देर शाम यहां जारी एक शोक संदेश में कहा कि सरदार प्रकाश सिंह बादल न केवल पंजाब बल्कि देश में सिख राजनीति के स्तंभ थे। सरदार प्रकाश सिंह बादल ने हमेशा देश में सिख राजनीति का मार्गदर्शन किया। बादल साहब भले ही शिरोमणि अकाली दल के नेता थे, लेकिन उन्होंने किसी पार्टी विशेष के लिए काम नहीं किया सभी को साथ लेकर चलने वाले नेता थे।
उन्होंने कहा कि सरदार प्रकाश सिंह बादल एक सरपंच से उठ कर पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री बने, उनके निधन से न केवल पंजाब व देश बल्कि पूरे विश्व की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन से जो स्थान रिक्त हुआ है उसे कभी भरा नहीं जा सकता।
गौरतलब है कि सरदार प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार को पंजाब के मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
सत्या.संजय