लखनऊ,
भारतीय जनता पार्टी ने आज उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर अपना चुनाव घोषणा पत्र जारी कर दिया। भाजपा ने अपने इस घोषणा पत्र का नाम लोक कल्याण संकल्प पत्र दिया है। इस अवसर पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणा पत्र ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ जारी किया।
इस संकल्प पत्र में बीजेपी ने प्रदेश में फिर से सरकार बनने पर अगले पांच साल में किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने का वादा किया है, इसके साथ ही गन्ना किसानों को 14 दिनों के अंदर भुगतान की बात कही गई है। बीजेपी ने मेधावी छात्राओं के लिए मुफ्त स्कूटी और 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा वादा किया है।
यूपी में कानून का राज-शाह
अमित शाह ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा-5 साल की सरकार चलने के बाद अब UP में माफिया पलायन कर गए हैं और कानून का राज है। डकैती के मामलों में 57%, लूट के मामलों में 70%, हत्या मामलों में 30%, अपहरण मामलों में 52%, दहेज-मृत्यु मामलों में 8% और दुष्कर्म मामलों में 42% की कमी दर्ज़ की गई है।
We have decided that in the next 5 years, free irrigation facility will be provided to all farmers, payment to be given to sugarcane farmers within 14 days. Free travel for women above 60 yrs of age & free scooties to meritorious female college students: Home Minister Amit Shah pic.twitter.com/fO67iSzH5I
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) February 8, 2022
हम वही करते हैं जो हम कहते हैं-शाह
इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि यह सिर्फ एक घोषणा पत्र नहीं है, यह यूपी सरकार का संकल्प है । 2017 के ‘संकल्प पत्र’ में कुल 212 संकल्प थे, जिनमें से 92 पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा-हम वही करते हैं जो हम कहते हैं।
योगी सरकार ने किसानों के लिए बहुत काम किया-शाह
उन्होंने कहा-योगी जी ने लगभग 86 लाख लघु और सीमांत किसानों का 36 हज़ार करोड़ रुपए का कर्ज़ा माफ किया है और लगभग 4.72 लाख करोड़ रुपए श्रण किसानों को उपलब्ध कराने का काम किया है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में किसानों और खेती के लिए बहुत काम किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने किसानों के लिए हर साल 6,000 रुपए उनके अकाउंट में भेजने का काम किया है, जिससे छोटे और मंझले किसानों को श्रण मुक्त होने का फायदा मिला है।
UP में दंगे समाप्त हुए-योगी
वहीं इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज जब उत्तर प्रदेश में भाजपा के 5 साल बीत रहे हैं तो हम कह सकते हैं कि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। आज हर बहन, बेटी अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकती है। 2012 से 2017 के बीच UP में 700 से अधिक दंगे हुए, सैकड़ों लोग मारे गए। महीनों तक UP में कर्फ्यू रहता था। व्यापारी पलायन करते थे और बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। आज 5 साल बाद UP में दंगे समाप्त हुए हैं। यूपी में आज कर्फ्यू नहीं बल्कि धूम-धड़ाके से कांवड़ यात्रा निकलती है।















