UP : रायबरेली से विधायक अदिति सिंह और आजमगढ़ से बीएसपी की वंदना सिंह ने BJP में दामन थामा

रायबरेली: 

सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में कांग्रेस को जोर का झटका लगा है। रायबरेली से कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह बीजेपी में शामिल हो गई हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अदिति सिंह का कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।

उनके साथ बीएसपी की वंदना सिंह ने भी बीजेपी पार्टी का दामन थाम लिया। बता दें कि मायावती वंदना को पार्टी से निकाल चुकी हैं। हालांकि अदिति सिंह लंबे समय से कांग्रेस के विरोध में बयान देती आई हैं और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन करती रही हैं। अदिति सिंह के पिता अखिलेश सिंह की गिनती कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेताओं में होती थी, हालांकि अगस्त 2019 में उनका निधन हो गया है। अदिति सिंह  को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कराते समय उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि रायबरेली में अब अदिति सिंह सोनिया गांधी को टक्कर देंगी और वंदना सिंह आजमगढ़ में अखिलेश यादव और डिम्पल यादव को टक्कर देंगी।