नई दिल्ली
T20 World Cup : आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 में खिताबी टक्कर के लिए भिड़ने वाली 4 टीमों को लेकर स्थिति साफ होने लगी है. पाकिस्तान के पहले ही अंतिम-4 में प्रवेश करने के बाद बाकी तीन टीमों को लेकर फैसला होना बाकी था. इनमें से दो टीमों के नाम का फैसला शनिवार को एक मैच के नतीजे से हो गया. सुपर-12 राउंड में शनिवार 6 नवंबर को हुए ग्रुप-1 के दो मुकाबलों के बाद इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में अपना नाम लिखवाया. दिन के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने धुआंधार बल्लेबाजी के दम पर वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया और अपने दावे को मजबूत किया. फिर दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को 10 रन से हरा दिया, लेकिन इसके बावजूद टीम सेमीफाइनल से दूर रह गई और हार के बावजूद इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की, जबकि ऑस्ट्रेलिया को भी इसका फायदा मिला.
कगिसो रबाडा ने नाम किया अनोखा रिकॉर्ड, 3 गेंदों पर 3 छक्के खाने के बाद ली शानदार हैट्रिक
साउथ अफ्रीका ने शनिवार को अहम सुपर 12 के मुकाबले में इंग्लैंड को मात दी. यह जीत साउथ अफ्रीका को तो सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा पाई लेकिन कागिसो रबाडा के लिए यह मैच काफी खास बन गया. उन्होंने वर्ल्ड कप में अपनी पहली हैट्रिक ली.
रबाडा ने यह हैट्रिक आखिरी ओवर में ली लेकिन इससे पहले 16वें ओवर में उनके खिलाफ लिविंगस्टन ने उनके खिलाफ छक्कों की हैट्रिक लगाई थी. ओवर की पहली गेंद पर लिविंगस्टन ने काउ कॉर्नर पर छक्का लगाया. इसके बाद अगली गेंद पर मिड विकेट पर और फिर लॉन्ग ऑफ पर छक्का जड़ा. इस ओवर में रबाडा ने 19 रन दिए. यह रबाडा के स्पेल का तीसरा ओवर था.
इसके बाद रबाडा को आखिरी ओवर में गेंद पकड़ाई गई. डेथ ओवर के स्पेशलिस्ट ने यहां कमाल दिखाया और ओवर की पहली तीन गेंद पर विकेट लेकर इंग्लैंड की हार तय कर दी. सबसे पहले उन्होंने वोक्स को आउट किया जो नॉर्खिया को कैच थमा बैठे. इसके बाद अगली गेंद पर उन्होंने कप्तान ऑयन मॉर्गन को आउट किया और फिर तीसरी गेंद पर जॉर्डन को गोल्डन डक आउट हुए जो एलबीडब्ल्यू हो गए.
कागिसो रबाडा दूसरे ऐसे गेंदबाज हैं जिनके खिलाफ एक ही मैच छक्कों की भी हैट्रिक लगी और फिर उन्होंने खुद हैट्रिक ली. उनसे पहले अकिला धनंजय ने वेस्टइंडीज के खिलाफ इसी साल हैट्रिक ली और उनके खिलाफ उसी मैच में तीन छक्के भी लगे.
🔹 Universe Boss signs off in style
🔹 Liam Livingstone's humongous sixes
🔹 Kagiso Rabada’s hat-trickVote for your @Nissan #POTD for Day 21 🗳️https://t.co/a1rjp1pAxn pic.twitter.com/VM9GlqyCYy
— ICC (@ICC) November 6, 2021
T20 World Cup 2021 Points Table : आखिर में पॉइंट्स टेबल की स्थिति कुछ इस तरह बनी.
ग्रुप-1 में सेमीफाइनल की लड़ाई आखिरी दिन तक जारी रही. शनिवार को इस ग्रुप के आखिरी मैच हुए और इन दोनों मैचों से ही तय हुआ कि सेमीफाइनल में किन दो टीमों ने अपनी जगह बनाई. ग्रुप राउंड के आखिरी मैच पूरे होने के बाद इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ने 8-8 पॉइंट्स हासिल किए, लेकिन तीनों टीमों में फर्क सिर्फ नेट रनरेट का रहा, जो निर्णायक साबित हुआ.
ग्रुप-2 जहां अभी तक सिर्फ पाकिस्तानी टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई है. पॉइंट्स टेबल के हिसाब से न्यूजीलैंड 6 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर है और सेमीफाइनल में जगह बनाने की प्रमुख दावेदार है. तीसरे नंबर पर भारत है जिसके अफगानिस्तान के बराबर ही 4 पॉइंट्स हैं, लेकिन NRR बेहतर है. अफगानिस्तान चौथे स्थान पर है. इस ग्रुप से नामीबिया (2 पॉइंट्स) पांचवें स्थान पर और स्कॉटलैंड (0 पॉइंट) पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं. इस ग्रुप से सेमीफाइनल का फैसला कल होने वाले अफगानिस्तान-न्यूजीलैंड के मुकाबले से आ सकता है. न्यूजीलैंड को सिर्फ एक जीत की जरूरत है.















