पुणे, एजेंसी
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल (National Security Advisor Ajit Doval) ने गुरुवार को खतरनाक जैविक हथियारों को चिंता का विषय बताते हुए इनसे निपटने की जरूरत पर जोर दिया है। महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने क्षमता बढ़ाने और बायो डिफेंस, बायो सेफ्टी व बायो सिक्योरिटी की पुरजोर वकालत की।
डोभाल पुणे इंटरनेशनल सेंटर द्वारा आयोजित पुणे डायलाग आन नेशनल सिक्योरिटी (पीडीएनएस) 2021 को संबोधित कर रहे थे। कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महामारी ने दिखाया है कि खतरों को समय रहते भांपने की जरूरत है। बहुत से बायोलाजिकल शोध वैज्ञानिक नजरिये से अहम हैं, लेकिन उनका दुरुपयोग भी हो सकता है। NSA का खुलकर जैविक हथियारों के बारे में बोलना इस खतरे की गंभीरता को दिखाता है। वैश्विक स्तर पर सुरक्षा के क्षेत्र में आ रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब खतरा सीमाओं से हटते हुए समाज के अंदर तक आ गया है।
NSA डोभाल ने अपने संबोधन में जलवायु परिवर्तन और इससे जुड़े खतरों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की बिगड़ती स्थिति और प्रदूषण आज का सच है। इंटरनेट मीडिया ने भी राष्ट्रीय सुरक्षा प्रबंधन का काम मुश्किल किया है। ऐसे में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विकास से कई खतरों से निपटना संभव हो सकता है। ग्लासगो में होने जा रहे काप-26 सम्मेलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन से जुड़े लक्ष्य हासिल करने की दिशा में कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।