मुंबई,
बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख (Shah Rukh Khan) 2 नवंबर 2021 को 56 साल के हो गए हैं। रात से ही शाहरुख खान के घर मन्नत के बाहर उनके फैंस का जमावड़ा लगा हुआ है। शाहरुख के घर मन्नत के बाहर हजारों की संख्या में फैंस जमा हैं। हालांकि अब एक बड़ी खबर आ रही है। खबरें हैं कि अपने बर्थडे के दिन शाहरुख खान मुंबई में नहीं हैं। वे अपना जन्मदिन मनाने के लिए शहर से बाहर गए हैं। उनके घर के बाहर मौजूद पुलिसवालों ने इस बात की जानकारी दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांद्रा के एसीपी ने मीडिया और फैंस को शाहरुख खान के घर के बाहर जमा होने से रोका और कहा कि शाहरुख खान अपने परिवार के साथ जन्मदिन मनाने के लिए अलीबाग चले गए हैं। इस बारे में शाहरुख की मैनेजर पूजा ददलानी ने पुलिस को सूचना दी है। ये खबर सुनकर किंग खान के फैंस को एक बड़ा झटका लगा है। किंग खान के फैंस बर्थडे के मौके पर अपने चहेते स्टार शाहरुख की एक झलक पाने के लिए बेकरार थे। हालांकि ऐसा नहीं हो पाया। हर बार की तरह इस बार फैंस को मन्नत की बालकनी से हाथ हिलाते हुए शाहरुख के दीदार नहीं हुए।
माना जा रहा है कि शाहरुख बीते महीने अपने बेटे आर्यन के चक्कर में खासे परेशान रहे हैं और ऐसे में वे अपनी फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम बिताना चाहते थे। अब इसके लिए शाहरुख के जन्मदिन से बड़ा मौका क्या हो सकता है। इसलिए शाहरुख अपनी पूरी फैमिली के साथ बर्थडे मनाने के लिए मुंबई से बाहर अलीबाग चले गए। वहीं अगर शाहरुख खान के वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहरुख जल्द ही पठान, रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट, लॉयन, सनकी और टाइगर 3 जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। टीम बॉलीवुड लाइफ की ओर से भी शाहरुख खान को हैप्पी बर्थडे।