मणिपुर : मानवता हुई कलंकित, निर्वस्त्र कर 2 कुकी महिलाओं को मैतेई समुदाय की भीड़ ने कराया परेड

मणिपुर
मणिपुर : मानवता हुई कलंकित, निर्वस्त्र कर 2 कुकी महिलाओं को मैतेई समुदाय की भीड़ ने कराया परेड

नई दिल्ली। मणिपुर से एक बेहद भयानक तस्वीर सामने आ रही है। वह न केवल शर्मसार करने वाली है बल्कि पूरी मानवता के लिए कलंक है। वहां से एक वीडियो सामने आया है जिसमें दो महिलाओं को पंद्रह-बीस की संख्या में पुरुष निर्वस्त्र करके परेड करा रहे हैं। यह घटना मणिपुर के कांगपोकपी जिले की है। दोनों महिलाएं कुकी समुदाय की हैं और हमलावर मैतेई समुदाय से रिश्ता रखते हैं।

वेबसाइट स्क्रोल ने इनमें से हमले की शिकार एक पीड़ित महिला से बात की है। उसका कहना है कि यह घटना कांगपोकपी जिले के उसके गांव बी फैनोम में 4 मई को घटी है। मणिपुर में मैतेई और कुकी के बीच संघर्ष शुरू होने के ठीक दूसरे दिन। महिला का कहना था कि यह सुनने के बाद कि मैतेइयों की भीड़ उसके गांव के पास घरों को जला रही है उसके परिवार के सदस्य समेत दूसरे लोग एक कीचड़ भरे रास्ते से भाग कर बचने की कोशिश कर रहे थे कि तभी एक भीड़ ने उनको देख लिया। उनका कहना है कि पड़ोसी और उनके बेटे को कुछ दूर ले जाया गया और उनकी हत्या कर दी गयी। भीड़ ने उसके बाद महिलाओं की पिटाई शुरू कर दी। और फिर उसने महिलाओं को अपने कपड़े उतारने के लिए कहा।

महिला का कहना था कि “जब हमने विरोध किया तो उन्होंने मुझसे कहा: अगर तुम अपने कपड़े नहीं उतारती हो तो हम तुमको मार देंगे।” महिला की उम्र तकरीबन चालीस साल है। महिला ने स्क्रोल को बताया कि फिर हमने अपनी जान की रक्षा के लिए सारे कपड़े उतार दिए। इस दौरान पुरुष लगातार उसको पीटते और धकियाते रहे। उसने बताया कि उसे नहीं पता था कि उसके पड़ोस में रहने वाली 21 साल की बच्ची के साथ क्या हो रहा है। क्योंकि वह कुछ दूरी पर थी।

महिला ने बताया कि उसके बाद उसे पास के एक धान के खेत में ले जाया गया। और पुरुषों ने उसे वहां लेट जाने के लिए कहा। उसने बताया कि “जैसा उन्होंने कहा मैंने वैसा ही किया और फिर तीन पुरुषों ने मुझे घेर लिया…….उनमें से एक ने दूसरे से कहा, ‘उसका बलात्कार करो’। लेकिन अंत में उन्होंने ऐसा नहीं किया।”

उसने आगे जोड़ा कि वह ‘भाग्यशाली’ थी कि वे उस हद तक नहीं गए (उसका बलात्कार करने तक)।लेकिन उन लोगों ने हमारे स्तन को ज़रूर पकड़ा।