नई दिल्ली, दो प्रयासों में मतदान पूरा करने में विफल रहने के बाद दिल्ली के मेयर के चुनाव को लेकर दिल्ली नगर निगम सोमवार को बैठक के लिए तैयार है। एक बार फिर से उपराज्यपाल के दिशा-निर्देश पर छह फरवरी यानी आज सदन की बैठक बुलाई गई है, जिसमें माना जा रहा है कि महापौर, उप महापौर और 6 स्थाई समिति के सदस्यों का भी चुनाव होगा। डीएमसी अधिनियम 1957 के अनुसार, महापौर और उप महापौर का चुनाव निकाय चुनावों के बाद होने वाले पहले सदन में होता है। बहरहाल, नगर निकाय चुनाव हुए दो महीने हो चुके हैं और दिल्ली को अभी मेयर मिलना बाकी है।
जो पार्टी चुनाव हारी उसके मन में चोर हैः दुर्गेश पाठक
आप नेता दुर्गेश पाठक ने भाजपा के आरोप पर कहा है कि, दिल्ली में किसी भी गली में चले जाओ, वहां चर्चा है कि मेयर मिलेगा कि नहीं। आखिर ये चर्चा क्यों है? चुनाव हो गया। आम आदमी पार्टी को बहुमत मिल गया। 2 से ढाई महीने हो गए, फिर भी मेयर नहीं मिला। जो पार्टी चुनाव हारी है, उसके मन में चोर है। वो अपनी हार को बर्दाश्त नहीं कर पा रही। कोई न कोई बहाना लेकर मेयर चुनाव को स्थगित कराना चाहती है। पहली बार नामित पार्षद लगा दिए। बीजेपी की पीठासीन अधिकारी बना दी। पहले मनोनीत पार्षदों को शपथ दिला दी। सभी को मान लिया। आज नई तारीख आई है। वही पटकथा शुरू कर दी। आज नई कहानी लेकर आएं हैं। आम आदमी पार्टी बीजेपी के पार्षदों को खऱीद रही है। आपने 15 साल काम किया, हमें 5 साल काम करने दो। यदि ठीक काम नहीं करेंगे, तो फिर आपको मौका मिल जाएगा। दिल्ली की जनता को सुनिश्चित करते हैं कि हमारा एक भी पार्षद कुछ नहीं बोलेगा। एक चूं तक नहीं निकालेगा। शांति से चुनाव होने देंगे।
आम आदमी पार्टी ने भाजपा के आरोप को हास्यास्पद बताया
भाजपा का आप पर बड़ा आरोप
भाजपा ने महापौर चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि महापौर उपमहापौर और स्थाई समिति के सदस्यों के चुनाव में वोट डलवाने के लिए आम आदमी पार्टी के नेताओं ने उनके 10 पार्षदों से संपर्क किया है, उन्हें करोड़ों रुपए का ऑफर दिया गया है। भाजपा नेताओं ने अपने सभी 10 पार्षद मीडिया के सामने पेश किए।
सिसोदिया ने भाजपा पर लगाया ये आरोप
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा कि, ‘बीजेपी ने अपने पार्षदों को आज फिर एमसीडी बैठक में मेयर चुनाव न होने देने के निर्देश दिए हैं बीजेपी पार्षदों को कहा गया है सदन शुरू होते ही किसी बहाने से हंगामा कर देना। पीठासीन अधिकारी पिछली बार की तरह फिर अनिश्चितकाल के लिए सदन स्थगित कर देंगी एलजी फिर से 20 दिन बाद की तारीख देंगे।
















