By Election: देश की तीन लोकसभा और सात विधानसभा में आज उपचुनाव के लिए वोटिंग, 26 जून को आएंगे नतीजे

नई दिल्ली,

By Election: देश की तीन लोकसभा सीटों और सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए आज वोटिंग हो रही है। वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगी। उत्तर प्रदेश में रामपुर  और आजमगढ जबकि पंजाब की संगरूर  लोकसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। वहीं दिल्ली, झारखंड, आंध्र प्रदेश और त्रिपुरा की सात विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। चुनाव के नतीजे 26 जून को आएंगे।

आजमगढ़ और रामपुर में वोटिंग

उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ सीट अखिलेश यादव के इस्तीफे की वजह से खाली हुई है जबकि रामपुर लोकसभा सीट आजम खान के इस्तीफे के बाद खाली हुई। दोनों सीट पर सपा का दबदबा रहा है। आजमगढ़ सीट से अखिलेश यादव से पहले उनके पिता मुलायम सिंह यादव सांसद थे। इसलिये इस सीट का उपचुनाव सपा के लिये प्रतिष्ठा का सवाल है। दूसरी ओर, रामपुर लम्बे समय से आजम खां का प्रभाव क्षेत्र रहा है और पार्टी ने रामपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव का जिम्मा खां को ही सौंपा है .

आजमगढ़ से बीजेपी ने फिर निरहुआ पर जताया भरोसा

आजमगढ़ में 1149 मतदान केंद्र और 2176 मतदान स्थल बनाए गए हैं, जहां 1838000 मतदाता अपने मताधिकारों का प्रयोग कर सकेंगे। भाजपा ने इस सीट पर उपचुनाव में भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को एक बार फिर मैदान में उतारा है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने बदायूं से पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने पूर्व विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली पर दांव लगाया है। यहां मुख्य मुकाबला इन्हीं तीनों के बीच माना जा रहा है।

रामपुर में सपा और बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला

रामपुर लोकसभा क्षेत्र में 17 लाख से अधिक मतदाता हैं। यहां 50 प्रतिशत हिंदू मतदाता और करीब 49 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता हैं। वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में सपा उम्मीदवार आजम खां ने भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा को एक लाख नौ हजार 997 मतों के भारी अंतर से पराजित किया था। रामपुर लोकसभा उपचुनाव में सीधा मुकाबला सपा के आसिम राजा और भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी के बीच है। लोधी पूर्व में आजम खां के करीबी थे। उन्होंने हाल ही में भाजपा का दामन थामा है।

संगरूर सीट भगवंत मान के इस्तीफे के बाद हुई खाली

यह सीट मुख्यमंत्री बनने के बाद भगवंत मान द्वारा लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की वजह से खाली हुई है। यहां बहुकोणीय मुकाबले के आसार हैं।आप’ ने पार्टी के संगरूर जिला प्रभारी गुरमेल सिंह को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने धुरी के पूर्व विधायक दलवीर सिंह गोल्डी पर दांव लगाया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बरनाला के पूर्व विधायक केवल ढिल्लों को मैदान में उतारा है। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान भी मैदान में हैं। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए बलवंत सिंह राजोआना की बहन कमलदीप कौर को टिकट दिया है।

विधानसभा की इन सात सीटों पर हो रही वोटिंग

दिल्ली में राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर आज वोटिंग हो रही है। यह सीट आम आदमी पार्टी के नेता राघव चढ्ढा के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई थी। झारखंड की मांडर विधानसभा सीट पर भी आज मतदान हो रहा है। इस सीट से कांग्रेस के विधायक रहे बंधु तिर्की की सदस्यता रद्द कर दी गई थी जिसके बाद उपचुनाव कराया जा रहा है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश की आत्माकुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है। वहीं त्रिपुरा में अगरतला, बोरदोवाली टाउन, सूरमा, जुबाराजनगर सीट पर भी आज मतदान हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here