भोपाल
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के 28 लोग उत्तरकाशी जिले के डामटा में हादसे का शिकार हुए हैं। पन्ना के यात्रियों से भरी बस यमुनाघाटी की 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई है। बताया जा रहा है कि पन्ना जिले के कुछ लोग चारधाम यात्रा के लिए बस बुक कर निकले थे। ये सभी यमुनोत्री जा रहे थे। पन्ना में खबर लगते ही मातम पसर गया है। सीएम शिवराज ने भी शोक जताया है।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई, देवेंद्रनगर, पहाड़ीखेड़ा के लोग तीन बसों में सवार होकर तीर्थायात्री निकले थे। एक बस उत्तराखंड की ओर जा रही थी। दो बसों का फिलहाल कोई पता नहीं चला है। जो बस उत्तराखंड की ओर जा रही थी, वही डामटा से नौगांव के बीच रिखाऊं खड्ड के निकट हादसे का शिकार हुई है। हादसे में बस सवार उदय सिंह और उसकी पत्नी हकी राजा को रेस्क्यू किया गया है। हकी राजा को डामटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। जिसे गंभीर चोटें आई हैं। उदय सिंह को हल्की चोटें हैं।
एडिशनल चीफ सेक्रेटरी ने बताया कि 25 मौतें कंफर्म हो चुकी हैं। तीन की हालत खराब है। दो की तलाश जारी है। बस में 28 यात्री, ड्राइवर, क्लीनर भी थे। तीनों घायलों को घटनास्थल से तीन किमी दूर डामटा ले जाया गया है। जहां बारकोट से सीनियर डॉक्टर पहुंच गए हैं।
पवई से विधायक प्रहलाद लोधी ने बताया कि कुछ लोगों से बात हुई है, वे सुरक्षित हैं। बसें पवई से गई थीं। घायलों से लगातार संपर्क में हैं। सीएम से भी बात हो रही है, वे भी वहां की सरकार से मदद की बात कर रहे हैं। जो लोग सुरक्षित हैं, वे जीप में थे, और अलग रास्ते पर थे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी हादसे पर शोक जताया है। कहा है कि उत्तराखंड के चारधाम यात्रा पर जा रही मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के तीर्थयात्रियों से भरी बस के हादसे का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगतों की आत्मा को शांति दे और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।
मैं और मेरी टीम उत्तराखंड सरकार एवं स्थानीय जिला प्रशासन के सतत संपर्क में है।
घायलों के इलाज और मृतकों के शव को मध्यप्रदेश लाने की व्यवस्था की जा रही है। दुःख की इस घड़ी में परिवार स्वयं को अकेला ना समझे, हम सब शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। https://t.co/8aYTgvXHrq
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) June 5, 2022
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर चर्चा कर घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और उनके समुचित इलाज की व्यवस्था के लिए कहा है। मुख्यमंत्री पूरी घटना के रेस्क्यू का स्वयं संज्ञान ले रहे हैं और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे उत्तराखंड सरकार के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में रहकर घायलों की मदद करने में कोई कमी न रखें। बस हादसे पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने गहरा दुख जताया है। वो लगातार पूरी घटना पर नज़र रखे हुए है। परिजनों से संपर्क में है। उत्तराखण्ड सरकार से भी उन्होंने सम्पर्क किया है। पन्ना के कार्यकर्ताओ से भी कहा कि वो परिजनों की मदद करें।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अभी रात में उत्तराखंड के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ स्थानीय मंत्री ब्रजेंद्र प्रताप सिंह और चार वरिष्ठ अधिकारी उत्तराखंड जाएंगे। रात को देहरादून में पूरे रेस्क्यू और घायलों की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग के साथ-साथ मुख्यमंत्री सुबह होते ही उत्तरकाशी जिले के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे।
उत्तराखंड में जब इतना बड़ा हादसा हुआ है, तो मुझे नींद आ ही नहीं सकती। मैं तुरंत देहरादून के लिए रवाना हो रहा हूं। मेरे साथ मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, डीजीपी, गृह सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारियों का दल भी जा रहा है। जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं। pic.twitter.com/kixRIdKw1h
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) June 5, 2022
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मप्र के पन्ना जिले के तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई तीर्थयात्रियों की मृत्यु होने और 6 के गंभीर रूप से घायल होने का दुखद समाचार है।
मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) June 5, 2022
बस में सवार यात्रियों की सूची
राजकुमार (38), राजकुवर (58), मेनकाप्रसाद (56), सरोज (54), बद्रीप्रसाद (63), करणसिंह (62), उदयसिंह (63), हक्की राजा (60), चंद्रकली (61), मोतीलाल (62), बलदेव (77), कुसुमबाई (77), अनिलकुमारी (50), कृष्णबिहारी (69), प्रभा ( 63), शकुंतला (60), पार्वती (62), शीलाबाई (61), विश्वकांत (39), चंद्रकला (57), कंच्छेदीलाल (62), राजाबाई (59), धनीराम (72), कामबाई (57), वृंदाबेन (61), कमला (59), रामसखी ( 63), गीताबाई (55) शामिल हैं।