बलिया.
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की बैरिया सीट से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अपने विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर भाजपा किसान मोर्चा द्वारा आयोजित ट्रैक्टर रैली के इतर संवाददाताओं से बातचीत में सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
उन्होंने अखिलेश को बैरिया सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए दावा किया है कि यदि वह पूर्व मुख्यमंत्री को एक लाख मतों से पराजित नहीं कर पायेंगे तो चुनावी राजनीति से सन्यास ले लेंगे। सुरेंद्र सिंह ने भारतीय किसान यूनियन नेता राकेश टिकैत को पेशेवर राजनेता करार दिया और आरोप लगाया कि टिकैत ‘फंडिंग’ की बदौलत ही राजनीति कर रहे हैं। वह सपा और कांग्रेस के कहने पर किसान आंदोलन करा रहे हैं।