BJP : सरोज पाण्डेय को दी UP विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी…. जेपी नड्‌डा ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए प्रभारी और सह प्रभारी की नियुक्ति की

दुर्ग -भिलाई

उत्तर प्रदेश में अगले साल 2022 होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ की भी भागीदारी बढ़ती दिख रही है। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय को उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी बनाया है। वे भाजपा के सात नेताओं की टीम का हिस्सा होंगी, जिसे केंद्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान लीड करेंगे। उधर, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की टीम को वहां पहले ही काम पर लगा रखा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए प्रभारी और सह प्रभारी की नियुक्ति की। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के प्रभारी होंगे। केंद्रीय सूचना, प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, कैप्टन अभिमन्यु, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी और राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर को सह प्रभारी के तौर पर टीम में रखा गया है। भाजपा के प्रभारी महासचिव अरुण सिंह ने इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।